*कुठौंद पुलिस को मिली बड़ी सफलता एटीएम मशीनों में चोरी की योजना बनाते तीन शातिर बदमाश गिरफ्तार*

*कुठौंद पुलिस को मिली बड़ी सफलता एटीएम मशीनों में चोरी की योजना बनाते तीन शातिर बदमाश गिरफ्तार*

कुठौंद(जालौन):-पुलिस अधीक्षक जालौन के निर्देशन में अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कुठौन्द थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एटीएम मशीनों में चोरी की योजना बना रहे तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस, चोरी में प्रयुक्त होने वाले उपकरण, नकदी, मोबाइल फोन तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार तड़के अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी जालौन के निर्देशन में जगदंबा प्रसाद दुबे प्रभारी निरीक्षक कुठौन्द के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में शांति व्यवस्था एवं संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाबली तिराहे पर मुखबिर से सूचना मिली कि तीन युवक ग्राम सुरावली जाने वाले मार्ग पर चोरी की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम गोरा-सुरावली मार्ग पर लगभग 300 मीटर पहले घेराबंदी कर सुबह करीब 3:13 बजे तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान विकास कुमार और अश्वनी कुमार के पास से एक-एक देशी तमंचा 315 बोर, एक-एक जिंदा कारतूस तथा एक-एक मिस कारतूस बरामद हुआ। वहीं तीसरे आरोपी जागेन्द्र कुमार के पास से लोहे का सब्बल और एक पेचकस बरामद किया गया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी एटीएम मशीनों से छेड़छाड़ कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास कुमार (19 वर्ष), अश्वनी कुमार (22 वर्ष) तथा जागेन्द्र कुमार (32 वर्ष) निवासी ग्राम बहिरी उमरी, थाना डेरापुर, जनपद कानपुर देहात के रूप में हुई है।
बरामदगी में दो देशी तमंचे 315 बोर, दो जिंदा कारतूस, दो मिस कारतूस, एक लोहे का सब्बल, एक पेचकस, कुल 1,300 रुपये नकद, एक रियलमी नारजो एंड्रॉयड मोबाइल, एक सैमसंग कीपैड मोबाइल तथा हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (यूपी-77-एएक्स-6348) शामिल है। मोटरसाइकिल के वैध प्रपत्र प्रस्तुत न किए जाने पर उसे मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध थाना कुठौन्द में मुकदमा अपराध संख्या 87/2026, धारा 310(4), 313 बीएनएस तथा 3/9/25 शस्त्र अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक हर्षवर्धन त्रिपाठी, कांस्टेबल प्रवीण राज शर्मा, कांस्टेबल शरद यादव तथा कांस्टेबल हर्षित प्रताप सिंह शामिल रहे।

CATEGORIES
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)