
जालौन में धर्मांतरण मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक आरोपी गिरफ्तार
जालौन जनपद के थाना कुठौंद क्षेत्र में कथित धर्मांतरण के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, 27 मई 2026 को प्राप्त प्रार्थना पत्र के आधार पर मुकदमा संख्या 73/2026 दर्ज किया गया था।
मामले में उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम-2021 की धारा 3/5(1) तथा बीएनएस की धारा 61/318 के तहत कार्रवाई की गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि प्रार्थना सभा के माध्यम से हिंदू महिला एवं पुरुषों को बहला-फुसलाकर धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास किया जा रहा था।
पुलिस जांच के दौरान विवेक कुमार निवासी सिरसाकलार, जनपद जालौन का नाम प्रकाश में आया। इसके बाद थाना कुठौंद पुलिस ने आरोपी को जालौन-औरैया मार्ग स्थित नाहिली बावली के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार मामले की विवेचना हदरूख चौकी प्रभारी मुकेश कुमार गौतम द्वारा की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि धर्मांतरण से जुड़े मामलों में कानून के तहत सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

