
जयपुर में ‘12 वर्ष विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के’ प्रदर्शनी का समापन, विकास योजनाओं की मिली व्यापक सराहना
जयपुर, 14 जून। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा सूचना केन्द्र में आयोजित तीन दिवसीय प्रदर्शनी ‘12 वर्ष विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के’ का रविवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। प्रदर्शनी में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में किए गए विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा उपलब्धियों को आकर्षक फोटो, डिज़ाइन, चार्ट और सूचना सामग्री के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी देखने पहुंचे विद्यार्थियों, युवाओं और आम नागरिकों ने विकास संबंधी जानकारियों को रुचिपूर्वक देखा तथा इस पहल की सराहना की।
प्रदर्शनी के दौरान आगंतुकों को शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, कृषि, जल संरक्षण, आधारभूत संरचना, डिजिटल सेवाओं और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। विभिन्न प्रदर्शित सामग्री के माध्यम से बताया गया कि किस प्रकार केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। प्रदर्शनी में आने वाले लोगों ने इसे जनजागरूकता बढ़ाने वाला प्रभावी माध्यम बताते हुए सरकार की उपलब्धियों को सरल और आकर्षक तरीके से प्रस्तुत करने की प्रशंसा की।
उप निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क हेमन्त सिंह ने बताया कि यह प्रदर्शनी 12 से 14 जून तक आयोजित की गई थी। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं, विद्यार्थियों और आमजन को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों से अवगत कराना था। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित करते हैं। तीन दिनों तक चली इस प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर विकास यात्रा को नजदीक से समझा।

