जयपुर में अवैध पटाखा गोदाम पर बड़ी कार्रवाई, 573 कार्टन विस्फोटक जब्त, संचालक फरार

जयपुर में अवैध पटाखा गोदाम पर बड़ी कार्रवाई, 573 कार्टन विस्फोटक जब्त, संचालक फरार

जयपुर के करधनी थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध रूप से संचालित एक विस्फोटक पदार्थ (पटाखा) गोदाम पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे सीज कर दिया। कार्रवाई के दौरान गोदाम से भारी मात्रा में रखे गए 573 कार्टन विस्फोटक पदार्थ जब्त किए गए हैं। मामले में गोदाम संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है, जबकि आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी तलाश जारी है। यह कार्रवाई जयपुर शहर में बिना लाइसेंस संचालित हो रहे पटाखा एवं विस्फोटक पदार्थ भंडारण स्थलों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।

डीसीपी पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश गुप्ता तथा एसीपी शिवकुमार (झोटवाड़ा) के निर्देशन में करधनी थाना प्रभारी सवाई सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था। पुलिस को 13 जून को सूर्य नगर स्थित 60 फीट रोड पर एक मकान में भारी मात्रा में विस्फोटक पदार्थ रखे होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच की। गोदाम में विस्फोटक सामग्री पाए जाने पर संचालक को थाने में उपस्थित होने के लिए कहा गया, लेकिन वह उपस्थित नहीं हुआ।

इसके बाद पुलिस ने भवन मालिक की मौजूदगी में गोदाम की तलाशी ली और वहां रखे 573 कार्टन विस्फोटक पदार्थ जब्त कर गोदाम को सीज कर दिया। मामले में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 287, 288, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम 1884 की धारा 5 एवं 9-ख तथा विस्फोटक अधिनियम 1908 की धारा 4(बी)(आई) और 5(ए) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी संचालक की तलाश में जुटी हुई है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सवाई सिंह, उप निरीक्षक चमन लाल, उप निरीक्षक आशीष कुमार, उप निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह, सहायक उप निरीक्षक तथा कांस्टेबल सत्येंद्र कुमार और दीपेंद्र कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

CATEGORIES
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)