क्रैश हुआ या कोई और बात? कराची के पास बीच हवा में गायब हुआ पाकिस्तानी कार्गो विमान, पांच क्रू मेंबर्स लापता

क्रैश हुआ या कोई और बात? कराची के पास बीच हवा में गायब हुआ पाकिस्तानी कार्गो विमान, पांच क्रू मेंबर्स लापता

पाकिस्तान के कराची के पास एक बड़ा विमानन हादसा सामने आया है। शारजाह (यूएई) से कराची आ रहा K2 Airways का एक बोइंग 737 कार्गो विमान उड़ान के दौरान अचानक रडार से गायब हो गया। विमान में पांच क्रू मेंबर्स सवार थे। पाकिस्तान एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुसार, विमान ने उड़ान के दौरान एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को नेविगेशन सिस्टम में खराबी की सूचना दी थी। इसके कुछ ही मिनट बाद विमान ने तेजी से ऊंचाई खोनी शुरू कर दी और फिर रडार व रेडियो संपर्क पूरी तरह टूट गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विमान कराची से लगभग 155 नॉटिकल मील (करीब 287 किलोमीटर) पश्चिम में अरब सागर के ऊपर लापता हुआ। फ्लाइट डेटा में विमान की ऊंचाई में अचानक असामान्य बदलाव दर्ज किए गए, जिससे विमान दुर्घटना की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि विमान समुद्र में दुर्घटनाग्रस्त हुआ है या किसी अन्य तकनीकी कारण से संपर्क टूटा। पाकिस्तान की नौसेना, वायुसेना और अन्य एजेंसियों ने संयुक्त रूप से बड़े स्तर पर सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है।

विमानन विशेषज्ञों का कहना है कि केवल नेविगेशन सिस्टम में खराबी आने से आमतौर पर विमान इस तरह अचानक गायब नहीं होता, इसलिए दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल विमान का कोई मलबा या क्रू मेंबर्स नहीं मिले हैं। अधिकारियों ने कहा है कि जांच जारी है और विमान के लापता होने की वजह पर अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।

CATEGORIES
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)