
पाटन में टला बड़ा हादसा, ब्लास्टिंग के बाद फोरलेन पर गिरा विशाल पत्थर
पाटन बाईपास फोरलेन पर शुक्रवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब पास स्थित शिव भोले माइंस में की गई भारी ब्लास्टिंग के बाद एक विशाल पत्थर सीधे सड़क पर आ गिरा। अचानक हुए इस घटनाक्रम से इलाके में हड़कंप मच गया और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।
स्थानीय जानकारी के अनुसार, माइंस में की गई हैवी ब्लास्टिंग के कारण पत्थर का एक बड़ा हिस्सा टूटकर फोरलेन पर आ गिरा। गनीमत यह रही कि उस समय सड़क पर कोई वाहन या राहगीर मौजूद नहीं था, वरना बड़ा जानमाल का नुकसान हो सकता था। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और संबंधित टीम मौके पर पहुंची।
बाद में जेसीबी मशीन की मदद से विशाल पत्थर को सड़क से हटाया गया और यातायात को सामान्य रूप से बहाल किया गया। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य है, लेकिन घटना ने माइंस संचालन और सुरक्षा मानकों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन द्वारा मामले की जांच किए जाने की संभावना जताई जा रही है।

