NGT आदेशों की अवहेलना पर कोटपूतली कलेक्ट्रेट पर ग्रामीणों का महापड़ाव शुरू, 1295 दिन से जारी धरना

NGT आदेशों की अवहेलना पर कोटपूतली कलेक्ट्रेट पर ग्रामीणों का महापड़ाव शुरू, 1295 दिन से जारी धरना

कोटपूतली में राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) के आदेशों की पालना नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने जोधपुरा संघर्ष समिति के बैनर तले जिला मुख्यालय पर महापड़ाव शुरू कर दिया है। बड़ी संख्या में ग्रामीण नगरपरिषद पार्क में एकत्र हुए और वहां से रैली निकालते हुए जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट द्वारा NGT के निर्देशों का लगातार उल्लंघन किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में गंभीर पर्यावरणीय संकट उत्पन्न हो गया है।

संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि आबादी क्षेत्र के निकट लगातार ब्लास्टिंग, ध्वनि प्रदूषण और धूल प्रदूषण जैसी समस्याएं बनी हुई हैं, जिससे स्थानीय लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। समिति का अनिश्चितकालीन धरना अब 1295वें दिन में प्रवेश कर चुका है। समिति के संरक्षक प्रभुदयाल गुरुजी ने बताया कि NGT ने 3 नवंबर 2025 को आदेश जारी कर तीन माह में पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे, लेकिन लगभग आठ महीने बीत जाने के बाद भी आदेशों की पूरी तरह से पालना नहीं हो पाई है, जिसे उन्होंने प्रशासनिक विफलता बताया।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि स्कूल, मंदिर और आबादी से मात्र 250 से 300 मीटर की दूरी पर ब्लास्टिंग जारी है, जबकि 500 मीटर की सीमा में ऐसा न करने के स्पष्ट निर्देश हैं। समिति के सचिव कैलाश यादव ने बताया कि महापड़ाव के दौरान मेडिकल टीम, पेयजल, शौचालय, छाया और सुरक्षा व्यवस्था की मांग की गई थी ताकि आंदोलन शांतिपूर्ण ढंग से चल सके। वहीं ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि उनका आंदोलन पूरी तरह गांधीवादी और अहिंसात्मक है तथा जब तक NGT आदेशों की पालना सुनिश्चित नहीं होती, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।

CATEGORIES
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)