
राम मंदिर चढ़ावा विवाद के बीच भरोसा बहाल करने की कवायद, RSS-VHP ने साधु-संतों के साथ की अहम बैठक
अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावे को लेकर उठे विवाद के बाद राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने साधु-संतों के साथ महत्वपूर्ण मंथन किया। बैठक का उद्देश्य मंदिर प्रबंधन और श्रद्धालुओं के बीच विश्वास बनाए रखने तथा मौजूदा स्थिति पर चर्चा करना बताया गया।
सूत्रों के अनुसार, बैठक में संत समाज ने पारदर्शिता बनाए रखने, अफवाहों से बचने और तथ्यात्मक जानकारी जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया। साथ ही यह भी कहा गया कि राम मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है, इसलिए किसी भी विवाद का समाधान जिम्मेदारी और स्पष्टता के साथ किया जाना चाहिए।
हालांकि, राम मंदिर ट्रस्ट की ओर से पहले ही चढ़ावे में किसी भी तरह की गड़बड़ी के आरोपों को खारिज किया जा चुका है। वहीं, RSS और VHP का कहना है कि मंदिर और उससे जुड़ी व्यवस्थाओं को लेकर फैल रही भ्रांतियों को दूर करने तथा श्रद्धालुओं का विश्वास मजबूत बनाए रखने के लिए संत समाज के साथ लगातार संवाद जारी रहेगा।

