
जयपुर में गैस माफियाओं पर बड़ा एक्शन, 302 सिलेंडर और 2 वाहन जब्त
राज्य सरकार एवं खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के निर्देशानुसार जयपुर शहर में घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण, कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। जिला कलक्टर संदेश नायक के निर्देशन और जिला रसद अधिकारी प्रियव्रत सिंह चारण के नेतृत्व में गठित सतर्कता दलों ने विभिन्न क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी कर अवैध गैस कारोबार का बड़ा भंडाफोड़ किया। प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य उपभोक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना और गैस की कालाबाजारी पर प्रभावी रोक लगाना है।
जिला रसद अधिकारी के अनुसार कार्रवाई के लिए दो विशेष सतर्कता दल गठित किए गए थे। सतर्कता दल ‘ए’ ने गोवर्धन नगर और हनुमान सिटी, सांगानेर क्षेत्र में दबिश देकर अवैध गैस भंडारण और बिक्री की पुष्टि होने पर 247 घरेलू एवं व्यावसायिक गैस सिलेंडर तथा दो पिकअप वाहन जब्त किए। वहीं सतर्कता दल ‘बी’ ने 310 फीट शिक्षा सागर कॉलोनी, सांगानेर में कार्रवाई करते हुए 55 गैस सिलेंडर बरामद किए। दोनों टीमों की संयुक्त कार्रवाई में कुल 302 गैस सिलेंडर और दो पिकअप वाहन जब्त किए गए हैं। मामले में संलिप्त दो व्यक्तियों के खिलाफ संबंधित पुलिस थानों में एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध गैस रिफिलिंग, भंडारण और कालाबाजारी में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। “ऑपरेशन प्रवर्तन” के तहत जयपुर शहर में लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि आमजन की सुरक्षा और उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा की जा सके। प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध गैस रिफिलिंग, भंडारण या कालाबाजारी की जानकारी मिले तो तत्काल संबंधित विभाग को सूचित करें, जिससे समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

