
सिद्धार्थनगर में निर्माणाधीन मछली मंडी का गेट गिरा, एक मजदूर की मौत, पांच घायल
सिद्धार्थनगर जिले के ढेबरुआ थाना क्षेत्र स्थित तुलसियापुर चौराहे के पास करीब 5.30 करोड़ रुपये की लागत से बन रही मछली मंडी में बड़ा हादसा हो गया। बुधवार दोपहर लगभग 12 बजे निर्माणाधीन मुख्य गेट की ढलाई के दौरान अचानक शटरिंग भरभराकर गिर गई। हादसे के समय मौके पर करीब एक दर्जन मजदूर काम कर रहे थे। अचानक गेट गिरने से अफरा-तफरी मच गई और कई मजदूर मलबे के नीचे दब गए। चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर प्रशासन को सूचना दी।
घायलों को तत्काल बढ़नी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चार मजदूरों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें माधव प्रसाद मेडिकल कॉलेज, सिद्धार्थनगर रेफर कर दिया गया। हादसे में धरूआर निवासी बुधीराम (45 वर्ष) एवं राजेंद्र (20 वर्ष), मड़नी निवासी आलम (30 वर्ष), मानपुर निवासी रूपेश (32 वर्ष) तथा नेपाल के अमहवा निवासी रामदयाल (30 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं मड़नी निवासी 25 वर्षीय मुस्ताक पुत्र किताबुल की मलबे में दबने से मौके पर ही मौत हो गई। फिलहाल मेडिकल कॉलेज में भर्ती घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद दोनों अधिकारी मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। जिलाधिकारी ने चिकित्सकों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए। डीएम ने बताया कि निर्माणाधीन गेट की ढलाई के दौरान यह हादसा हुआ है, जिसमें एक मजदूर की मृत्यु हुई है। पूरे मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित कर दी गई है और जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

