
राज्य सभा सांसद के केस में एसओ को आपत्ति का अंतिम अवसर
सुलतानपुर। आम आदमी पार्टी से राज्य सभा सांसद संजय सिंह के खिलाफ चल रहे आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के केस में बृहस्पतिवार को सुनवाई के लिए तारीख तय रही। मामले में वादी पक्ष हाजिर भी हुआ,पर आपत्ति नहीं पेश की गई। एमपी-एमएलए कोर्ट मजिस्ट्रेट शुभम वर्मा ने एसओ कमरौली मुकेश पटेल की तरफ से कोई आपत्ति नहीं पेश किए जाने पर नाराजगी भी जाहिर किया और अदालत ने वादी पक्ष को आपत्ति का अंतिम अवसर देते हुए सुनवाई के लिए छह मई की तारीख तय किया है।
कोतवाली नगर के तत्कालीन उप निरीक्षक मुकेश कुमार पटेल ने सात मई साल 2023 की घटना बताते हुए राज्य सभा सांसद संजय सिंह एवं आम आदमी पार्टी से तत्कालीन नगर पालिका अध्यक्ष पद के प्रत्याशी डॉक्टर संदीप कुमार शुक्ल के खिलाफ आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। फिलहाल इस केस में पुलिस ने फाइनल रिपोर्ट लगा दिया था। फाइनल रिपोर्ट पर अपना पक्ष रखने के लिए उपनिरीक्षक मुकेश पटेल की तरफ से लगातार लापरवाही बरती जा रही है।

