पलाश मुच्छल पर गंभीर आरोप: स्मृति मंधाना के दोस्त विज्ञान माने ने धोखाधड़ी और ब्लैकमेलिंग की शिकायत दर्ज कराई

पलाश मुच्छल पर गंभीर आरोप: स्मृति मंधाना के दोस्त विज्ञान माने ने धोखाधड़ी और ब्लैकमेलिंग की शिकायत दर्ज कराई

सिंगर और कंपोज़र पलाश मुच्छल एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। एक्टर-प्रोड्यूसर विज्ञान माने ने उन पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। भारतीय महिला क्रिकेटर स्मृति मंधाना के करीबी दोस्त बताए जा रहे विज्ञान माने का दावा है कि पलाश मुच्छल ने न सिर्फ स्मृति मंधाना को धोखा दिया, बल्कि एक अनरिलीज़्ड फिल्म के नाम पर उनसे 40 लाख रुपये से ज्यादा की ठगी भी की। इस मामले में माने ने महाराष्ट्र के सांगली में एक औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है।

विज्ञान माने के मुताबिक, वह स्मृति मंधाना के बचपन के दोस्त हैं और मंधाना परिवार के जरिए ही उनकी पहचान पलाश मुच्छल से हुई थी। माने का आरोप है कि भरोसे का फायदा उठाकर पलाश और उनके परिवार ने उन्हें आर्थिक नुकसान पहुंचाया।

“दूसरी महिला के साथ बिस्तर पर पकड़े गए थे पलाश”
हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में 34 वर्षीय विज्ञान माने ने चौंकाने वाला दावा किया। उन्होंने कहा कि नवंबर 2025 में शादी के फंक्शंस के दौरान पलाश मुच्छल को एक दूसरी महिला के साथ बिस्तर पर रंगे हाथों पकड़ा गया था।
माने ने कहा,
“23 नवंबर 2025 को शादी के जश्न के दौरान उसे दूसरी महिला के साथ बिस्तर पर पकड़ा गया। हालात बेहद भयानक थे। वहां मौजूद भारतीय महिला क्रिकेटरों ने उसे पीटा। मुझे लगा था कि वह शादी के बाद सांगली में बस जाएगा, लेकिन सब कुछ उल्टा हो गया।”

फिल्म निवेश को लेकर ठगी और ब्लैकमेल का आरोप
विज्ञान माने ने आरोप लगाया कि उन्होंने पलाश और उनके परिवार से जुड़ी एक अनरिलीज़्ड फिल्म में 40 लाख रुपये से अधिक का निवेश किया था। बाद में उनसे और पैसे डालने का दबाव बनाया गया।
माने के अनुसार,
“पिछले महीने जब मैं उनकी मां अमिता मुच्छल से मिला, तो उन्होंने कहा कि फिल्म रिलीज़ का बजट बढ़कर 1.5 करोड़ हो गया है। मुझसे 10 लाख रुपये और मांगें गए। कहा गया कि अगर पैसे नहीं दिए तो मुझे एक भी रुपया वापस नहीं मिलेगा। यह सीधा ब्लैकमेल था।”

उन्होंने यह भी दावा किया कि उन्हें फिल्म से बाहर निकालने और पैसे न लौटाने की धमकी दी गई, जिसके बाद उन्हें पुलिस में शिकायत दर्ज करानी पड़ी।

शादी कैंसिल होते ही हर जगह से किया ब्लॉक
माने ने आगे कहा कि शादी रद्द होने के बाद मुच्छल परिवार ने उन्हें हर प्लेटफॉर्म से ब्लॉक कर दिया।
“मुझे बाद में पता चला कि फिल्म के दूसरे कलाकारों को भी उनका भुगतान नहीं किया गया। मैंने इंडस्ट्री में धोखाधड़ी की बातें सुनी थीं, लेकिन यह तो खुली लूट है,” उन्होंने कहा।

माने का यह भी आरोप है कि उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं और फिल्म रिलीज़ के लिए तैयार होने के बावजूद अब तक कोई प्रगति नहीं हुई है।

पुलिस और मीडिया को सौंपेंगे सबूत
अपने अगले कदम को लेकर विज्ञान माने ने कहा कि वह मुच्छल परिवार की सच्चाई सामने लाना चाहते हैं।
उन्होंने कहा,
“मेरे पास चैट्स, कॉल रिकॉर्ड्स और अन्य सभी सबूत मौजूद हैं। मैं इन्हें पुलिस और मीडिया के साथ साझा करने के लिए तैयार हूं।”

पलाश मुच्छल ने सभी आरोपों से किया इनकार
वहीं, पलाश मुच्छल ने इन आरोपों पर इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सभी दावों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि ये आरोप बेबुनियाद और तथ्यहीन हैं।
पलाश ने लिखा,
“सांगली के विज्ञान माने द्वारा सोशल मीडिया पर लगाए गए आरोप पूरी तरह गलत हैं और मेरी छवि को नुकसान पहुंचाने के इरादे से किए गए हैं। इन्हें बिना चुनौती के नहीं छोड़ा जाएगा। मेरे वकील श्रेयांश मिथरारे इस मामले में सभी कानूनी विकल्पों पर काम कर रहे हैं।”

शादी भी हो चुकी है रद्द
गौरतलब है कि पलाश मुच्छल और स्मृति मंधाना की शादी 23 नवंबर 2025 को होने वाली थी। पहले इसे हेल्थ इमरजेंसी के चलते टाल दिया गया और बाद में दिसंबर 2025 में शादी को पूरी तरह कैंसिल कर दिया गया।
इस बीच धोखे की अटकलों के बीच दोनों पक्षों ने आधिकारिक बयान जारी कर शादी न होने की पुष्टि की थी। स्मृति मंधाना ने भी बयान जारी कर कहा था कि शादी रद्द हो चुकी है और इस कठिन समय में उन्होंने अपनी प्राइवेसी बनाए रखने की अपील की थी।

अब इस पूरे मामले में पुलिस जांच और कानूनी कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

CATEGORIES
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)