
डोनाल्ड ट्रंप के हाथ क्यों पड़ गए नीले? क्या कोई गंभीर बीमारी है, राष्ट्रपति ने खुद बताई दिक्कत
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बाएं हाथ नीले निशान देखने को मिले हैं. इस निशान की तस्वीरें जब सामने आईं तो अमेरिका से लेकर दुनिया की मीडिया में हलचल मच गई. सबसे ज्यादा चर्चा उनकी उम्र को लेकर की जाने लगी. व्हाइट हाउस ने पहले ही इस मामले पर सफाई दी थी. बाद में दावोस से लौटते वक्त एयर फोर्स वन में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने खुद इसका कारण बताया. उन्होंने कहा कि वह रोज ज्यादा मात्रा में एस्पिरिन लेते हैं, इसलिए उन्हें अगर थोड़ी चोट भी लगे तो जल्दी नील पड़ जाता है.
ट्रंप के हाथ पर नीला निशान क्यों है?
ट्रंप ने बताया कि यह निशान दावोस में वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के दौरान तब पड़ा, जब उनका हाथ एक टेबल से टकरा गया. उन्होंने हंसते हुए कहा, लोग कहते हैं दिल के लिए एस्पिरिन लो, लेकिन अगर शरीर पर नीले निशान नहीं चाहते तो मत लो. मैं तो बड़ी वाली एस्पिरिन लेता हूं. उन्होंने आगे कहा कि डॉक्टर उन्हें ऐसा न करने की सलाह देते हैं. ट्रंप के शब्दों में, डॉक्टर कहते हैं कि आप बहुत स्वस्थ हैं, आपको इसकी जरूरत नहीं है. लेकिन मैं कोई खतरा नहीं लेना चाहता. व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट ने भी बयान जारी कर कहा कि बोर्ड ऑफ पीस की घोषणा के दौरान ट्रंप का हाथ साइनिंग टेबल के कोने से टकरा गया था. उसी से यह निशान पड़ा.
ट्रंप के नीले हाथ पर क्या कहते हैं डॉक्टर?
न्यूज एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक चार डॉक्टरों ने बातचीत में कहा कि यह संभव है कि एस्पिरिन की ज्यादा खुराक से ऐसा नीला निशान पड़ गया हो. एस्पिरिन खून को पतला करती है, जिससे हल्की चोट भी साफ दिखने लगती है और देर से भरती है. इस महीने की शुरुआत में वॉल स्ट्रीट जर्नल को दिए इंटरव्यू में ट्रंप ने बताया था कि वह डॉक्टरों की सलाह से ज्यादा मात्रा में एस्पिरिन लेते हैं. उनका कहना था कि वह चाहते हैं कि दिल में खून आसानी से बहता रहे. उन्होंने इसे ‘अच्छा पतला खून’ कहा था.बीते साल भी ट्रंप के हाथ पर नीले निशान देखे गए थे. तब व्हाइट हाउस ने कहा था कि वह लगातार लोगों से हाथ मिलाते हैं, इसलिए ऐसा हो जाता है. 79 साल के ट्रंप अमेरिका के इतिहास में दूसरे सबसे उम्रदराज राष्ट्रपति हैं. उनसे पहले जो बाइडेन इस पद पर रहे, जो 82 साल की उम्र में पद छोड़कर गए थे. बाइडेन ने उम्र और सेहत पर उठते सवालों के चलते 2024 का चुनाव नहीं लड़ा था. ट्रंप के हाथ पर दिखा यह निशान भले ही एक मामूली बात हो, लेकिन अमेरिका में राष्ट्रपति की सेहत को लेकर हर छोटी चीज बड़ी खबर बन जाती है.
CATEGORIES Uncategorized

