
ओडिशा ढेंकनाल पत्थर खदान धमाका: कई मजदूरों की मौत की आशंका, राहत बचाव कार्य जारी
ओडिशा के ढेंकनाल में एक पत्थर खदान में हुए धमाके के चलते कई मजदूर फंस गए हैं। हादसे में कई मजदूरों की मौत की आशंका है। राहत और बचाव कार्य जारी है। पूर्व सीएम नवीन पटनायक ने घटना की जांच की मांग की है। ओडिशा के ढेंकनाल में एक पत्थर खदान में धमाका हुआ है, जिसके चलते खदान में कई मजदूर फंस गए हैं। हादसे में कई मजदूरों के मारे जाने की आशंका है। मजदूरों को बचाने के लिए राहत और बचाव कार्य जारी है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ढेंकनाल के गोपालपुर में अवैध पत्थर खदान में यह धमाका हुआ। हादसे में कई मजदूरों के मारे जाने का दावा किया जा रहा है। हालांकि अभी तक सरकारी अधिकारियों की तरफ से इसे लेकर कोई औपचारिक बयान जारी नहीं किया गया है।हादसा शनिवार देर रात का है। जैसे ही घटना के बारे में जानकारी हुई, स्थानीय प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और इलाके की घेराबंदी कर वहां लोगों की आवाजाही रोक दी गई है। अभी राहत और बचाव अधिकारी इस बात का पता लगाने में जुटे हैं कि खदान में कितने मजदूर फंसे हैं और उनकी क्या स्थिति है। शुरुआती जांच में पता चला है कि खदान में विस्फोट करने के लिए जरूरी मंजूरी नहीं ली गई थी और अवैध रूप से खनन किया जा रहा था। स्थानीय अग्निशमन दल, ओडिशा आपदा प्रबंधन दल की टीमों के साथ ही डॉग स्कवायड और विभिन्न उपकरणों के साथ बचाव दल खदान में फंसे मजदूरों को निकालने में जुटा है। ढेंकनाल के जिलाधिकारी और एसपी भी मौके पर मौजूद हैं।

