
सशक्त किसान, समृद्ध भारत” विजन पर राजस्थान सरकार का जोर
जयपुर, 28 अप्रेल। राज्य सरकार किसानों को हर क्षेत्र में उन्नत एवं खुशहाल बनाने के लिए “ग्राम“ (ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट) 2026 का आयोजन 23 से 25 मई, 2026 को करने जा रही है। कृषि निवेश, नवाचार, तकनीक, किसान समृद्धि और राजस्थान की संभावनाओं से जुड़े इस एग्रीटेक मीट मे प्रदेश के हजारों किसान और पशुपालक हिस्सा लेंगे।
प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के अनुसार यह आयोजन भारत के माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘सशक्त किसान, समृद्ध भारत’ विजन को धरातल पर उतारने के लिए राजस्थान सरकार द्वारा सशक्त कृषक, पशुपालको एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लिए चलाई जा रही प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यो की जानकारी ग्रामीण अंचल तक पहुॅचाने के उद्देश्य से 27 अप्रेल, 2026 से 15 दिवस के लिए एलईडी मोबाइल वैन आधारित जन-जागरूकता हेतु ”ग्राम रथ अभियान“ संचालित किया जा रहा है।
जिला कलेक्टर संदेश नायक ने बताया कि जिले की 10 ग्रामीण विधानसभाओ क्षेत्रों बगरू, आमेर, बस्सी, चाकसू, दूदू, फुलेरा, चौमू, जमवारामगढ़, शाहपुरा, झोटवाड़ा के 22 ब्लॉको व 597 ग्राम पंचायतो मे निरन्तर 15 दिवस के लिए ग्राम रथ अभियान चलाया जा रहा है।
विधानसभा क्षेत्रो में पहुंचने पर ग्राम रथो का हुआ जोरदार स्वागत:-
ग्राम रथ द्वारा प्रत्येक विधानसभा की 4 ग्राम पंचायतो 5 से 6 स्थानों पर लगभग 1-1 घण्टे के विडियो, ऑडियों संदेश सहित सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओ व ग्राम का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिले की सभी 10 ग्रामीण विधानसभाओं की पंचायतो में पहुंचने पर जनप्रतिनिधियों व आमजन ने अभूतपूर्व स्वागत किया है। उपखण्ड अधिकारियों से प्राप्त रूट चार्ट के अनुसार ग्राम रथो के माध्यम से आमजन, किसानो व पशुपालको को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओ के साथ-साथ विशेष रूप से कृषि उद्यानिकी व पशुपालन सहित 13 विभागो की जानकारी कला जत्था के स्थानीय कलाकारो द्वारा आंचलिक भाषा में बहुत ही रौचक तरीके से प्रदान की जा रही है। इसके साथ-साथ जयपुर में आयोजित होने वाले “ग्राम“ (ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट) 2026 में अधिक से अधिक संख्या में सम्मिलित होने हेतु कृषको, पशुंपालको व निवेशको को प्रेरित किया जा रहा है।
सुझाव पेटिकाः-
ग्राम रथों में सुझाव पेटिका का भी प्रावधान किया गया है। स्थानीय ग्रामीण अपनी समस्या और उत्कृष्ट सुझाव इस पेटिका के माध्यम से राज्य सरकार को प्रेषित कर रहे है।

