
‘प्यार, दोस्ती और गलत फैसले…’, आलिया भट्ट की ‘डोंट बी शाई’ का धांसू ट्रेलर रिलीज
आलिया भट्ट और शाहीन भट्ट की अपकमिंग फिल्म ‘डोंट बी शाई’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है और रिलीज के साथ ही फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई है। यंग-एडल्ट कहानी पर आधारित यह फिल्म प्यार, दोस्ती, दिल टूटने और जिंदगी में लिए गए गलत फैसलों के बीच अपनी पहचान तलाशने वाले युवाओं की कहानी दिखाती है।
फिल्म में चार नए कलाकार आरुषि बजाज, अंश दुग्गल, बियांका अरोड़ा और पीयूष खाटी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। ट्रेलर में इन किरदारों की दोस्ती, रिश्तों की उलझन और बदलती भावनाओं की झलक देखने को मिलती है। कहानी आज की Gen-Z पीढ़ी के उन अनुभवों को सामने लाती है, जिनमें दोस्ती और प्यार के साथ-साथ करियर, सपने और खुद को समझने की चुनौती भी शामिल है।
‘डोंट बी शाई’ को श्रीति मुखर्जी ने लिखा और निर्देशित किया है। फिल्म को आलिया भट्ट और शाहीन भट्ट ने अपने प्रोडक्शन बैनर इंटरनल सनशाइन प्रोडक्शंस के तहत प्रोड्यूस किया है। फिल्म में कुणाल रॉय कपूर, अनुराग बसु, नेहा धूपिया और अंजू अल्वा नाइक भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
आलिया और शाहीन के मुताबिक, यह फिल्म उनके लिए खास है क्योंकि इसमें युवावस्था के उस दौर को दिखाया गया है, जहां दोस्तियां जिंदगी पर गहरा असर डालती हैं, पहला प्यार यादगार बन जाता है और दिल टूटने के बाद इंसान खुद को नए तरीके से समझने की कोशिश करता है।
खास बात यह है कि ‘डोंट बी शाई’ 25 सितंबर 2026 को प्राइम वीडियो पर ग्लोबल प्रीमियर के लिए तैयार है। फिल्म भारत समेत 240 से ज्यादा देशों और क्षेत्रों में स्ट्रीम होगी।
ट्रेलर में दिखने वाली युवा ऊर्जा, रिश्तों की कहानी और नए कलाकारों की ताजगी ने फिल्म को लेकर उम्मीदें बढ़ा दी हैं। अब देखना होगा कि ‘डोंट बी शाई’ दर्शकों को दोस्ती और प्यार की यह नई कहानी कितनी पसंद आती है।

