
पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय सुल्तानपुर में भव्य दीक्षांत समारोह का आयोजन
महानिदेशक बिनोद कुमार सिंह ने प्रशिक्षुओं को दिलाया कर्तव्यनिष्ठा का संकल्प
गाँव-देहात खबर सुल्तानपुर
जनपद के स्थानीय पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय (PTS) में रविवार को प्रशिक्षुओं का दीक्षांत समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (सी.बी.सी.आई.डी./साइबर क्राइम) बिनोद कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और नए रिक्रूटों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहने का मंत्र दिया।
अनुशासन ही पुलिस की असली पहचान: डीजी
मुख्य अतिथि बिनोद कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि सेवा का संकल्प है। उन्होंने प्रशिक्षुओं को सदैव अनुशासन में रहने और अपने कर्तव्यों का पूरी ईमानदारी व निष्ठा से पालन करने का संदेश दिया। उन्होंने संस्थान के प्रमुख ब्रजेश कुमार मिश्र की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में रिक्रूटों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्रदान किया गया है।
अतिश कुमार बैजनाथ क़ो मिला ‘सर्वांग सर्वोत्तम’ पुरस्कार
समारोह के दौरान प्रशिक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को सम्मानित किया गया। प्रशिक्षु अतिश कुमार बैजनाथ को ‘सर्वांग सर्वोत्तम’ का पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं, शानदार परेड का नेतृत्व करने वाले फर्स्ट कमांडर जय शिव राय को भी मुख्य अतिथि ने पुरस्कृत किया। प्रशिक्षण देने वाले स्टाफ में निरीक्षक सत्य सान्याल शर्मा, आरक्षी पी.टी.आई. तेजस्वी त्रिपाठी और मुख्य आरक्षी हरिनाम सिंह को सर्वोत्कृष्ट प्रशिक्षक के सम्मान से नवाजा गया।
इन गणमान्य जनों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में डी.आई.जी. (सी.आर.पी.एफ.) मदन कुमार, सदर विधायक राज बाबू उपाध्याय, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि शिव कुमार सिंह, बीजेपी जिला अध्यक्ष सुशील त्रिपाठी और नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल मौजूद रहे। साथ ही बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रणविजय सिंह सहित कई जन प्रतिनिधि और शहर के गणमान्य नागरिकों ने नए सिपाहियों का उत्साहवर्धन किया।
संस्थान के प्रमुख ब्रजेश कुमार मिश्र ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका आभार व्यक्त किया।

