
जयपुर में 50 लाख की ब्लैकमेलिंग का पर्दाफाश, महिला आरोपी गिरफ्तार
जयपुर पुलिस की दक्षिण जिला टीम ने ब्लैकमेलिंग और जबरन वसूली के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी महिला एक कारोबारी को अश्लील और आपत्तिजनक सामग्री के जरिए लगातार ब्लैकमेल कर रही थी तथा उससे 50 लाख रुपये की मांग कर रही थी। परिवादी विमल कुमार डागा की शिकायत पर महेश नगर थाने में मामला दर्ज किया गया, जिसके बाद पुलिस ने तकनीकी और वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर कार्रवाई शुरू की। जांच में सामने आया कि आरोपी महिला दिशा बाबला परिवादी की आईटी कंपनी में इंटर्नशिप के दौरान संपर्क में आई थी और बाद में फोटो व वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देकर धन उगाही का प्रयास करने लगी।
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी महिला पहले भी इसी प्रकार की ब्लैकमेलिंग की वारदात को अंजाम दे चुकी है। वर्ष 2025 में भी वह परिवादी से करीब 90 लाख रुपये वसूल चुकी थी, जिसके संबंध में महेश नगर थाने में मामला दर्ज होकर चालान पेश किया जा चुका है। थानाधिकारी सुरेश कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने आरोपी को जोधपुर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार महिला दिशा बाबला को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस कस्टडी रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब मामले के अन्य पहलुओं और संभावित नेटवर्क की गहन जांच कर रही है।

