जनसेवा की मिसाल बनीं प्रतीक्षा पारीक, समाजसेवा के लिए राजस्थान ब्राह्मण महासभा ने किया सम्मानित

जनसेवा की मिसाल बनीं प्रतीक्षा पारीक, समाजसेवा के लिए राजस्थान ब्राह्मण महासभा ने किया सम्मानित

खंडेला/सीकर। सीकर लोकसभा क्षेत्र के खंडेला की समाजसेवी प्रतीक्षा पारीक अपने सेवा कार्यों के कारण क्षेत्र में एक अलग पहचान बना चुकी हैं। लंबे समय से जनहित और समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय प्रतीक्षा पारीक के नेतृत्व में संचालित प्रतीक्षा पारीक ट्रस्ट जरूरतमंद, गरीब और असहाय लोगों की सहायता के लिए लगातार विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों का संचालन कर रहा है। ट्रस्ट की ओर से समय-समय पर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जाते हैं, जिनका लाभ बड़ी संख्या में लोगों को मिलता है। इसके अलावा आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को उपचार उपलब्ध कराने और चिकित्सा सहायता दिलाने में भी ट्रस्ट महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

प्रतीक्षा पारीक और उनकी टीम वर्तमान में खंडेला तथा कोटा दोनों स्थानों पर सक्रिय रूप से समाजसेवा कर रही है। ट्रस्ट द्वारा कोटा में एंबुलेंस सेवा का संचालन भी किया जा रहा है, जिससे जरूरतमंद मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाकर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। समाज के प्रति उनकी निस्वार्थ सेवा, जनकल्याण के प्रति समर्पण और लगातार किए जा रहे सामाजिक कार्यों को देखते हुए राजस्थान ब्राह्मण महासभा ने कोटा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्हें सम्मानित किया। यह सम्मान समाजहित में उनके उल्लेखनीय योगदान की सराहना के रूप में प्रदान किया गया।

प्रदेश मीडिया टीम से बातचीत के दौरान प्रतीक्षा पारीक ने बताया कि उन्हें समाजसेवा की प्रेरणा अपने दादाजी से मिली है और उसी प्रेरणा के साथ वे निरंतर लोगों की सेवा में जुटी हुई हैं। वर्तमान में वे खंडेला नगर पालिका क्षेत्र में भी एक जनसेवक के रूप में सक्रिय रहकर विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में भाग ले रही हैं। निजी जीवन और अन्य जिम्मेदारियों के बावजूद समाजहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देना उनकी कार्यशैली की सबसे बड़ी विशेषता है। प्रदेश मीडिया टीम ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ऐसे समाजसेवी दूसरों के लिए प्रेरणास्रोत हैं, जो अपने समय और संसाधनों को जनसेवा के लिए समर्पित कर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य कर रहे हैं।

CATEGORIES
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)