
कृति सेनन ने राखी एड विवाद पर तोड़ी चुप्पी, बोलीं- कल्चर दिल में होता है नेकलाइन से नहीं
‘कॉकटेल 2’ फेम एक्ट्रेस कृति सेनन हाल ही में ट्रोलिंग का शिकार हो गईं. हाल ही में वो रक्षाबंधन के एक विज्ञापन में नजर आईं. लेकिन एड में अपने कपड़ों को लेकर वो ट्रोल हो गईं. इसके अलावा डॉग को राखी बांधने पर भी उन्हें आलोचना झेलनी पड़ी.
कृति ने विज्ञापन में आइवरी रंग का लहंगा, डीप-नेक ब्लाउज और केप पहना था. कृति का डीप नेकलाइन ब्लाउज पहनना लोगों को पसंद नहीं आया. एड में कृति के कपड़ों को लेकर सवाल उठाए गए. अब कृति ने इस पर रिएक्ट किया है.
कृति सेनन ने किया रिएक्ट
कृति ने इन ट्रोल्स को करारा जवाब देते हुए कहा कि किसी महिला के कपड़ों से उसकी संस्कृति के प्रति सम्मान को नहीं मापा जाना चाहिए. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘फेस्टिवल की असली फीलिंग आपके कपड़ों में नहीं, बल्कि उन ट्रेडिशन में होती है जिन्हें आप दिल से मानते हैं. रक्षाबंधन सुरक्षा और प्यार का रिश्ता है. मेरी बहन और मैं एक-दूसरे को राखी बांधते हैं. हम एक-दूसरे की रक्षा करने का प्रॉमिस करते हैं. एक-दूसरे की अच्छी सेहत, खुशी और लंबी उम्र की प्रार्थना करते हैं. हमारे लिए ये प्यार और प्रार्थना हमारे डॉग्स तक भी जाती है, क्योंकि वो भी हमारे परिवार का हिस्सा हैं.’
आगे कृति ने लिखा, ‘आखिर हम महिलाओं को ये बताना कब बंद करेंगे कि उन्हें क्या पहनना चाहिए? समय के साथ ट्रेडिशनल फैशन भी बदला है. लेकिन आज भी किसी महिला की संस्कृति के प्रति सम्मान को सिर्फ उसके कपड़ों से क्यों मापा जाता है? कल्चर और ट्रेडिशन उसके दिल में होती हैं, उसकी नेकलाइन में नहीं.’

