
इंस्टाग्राम दोस्ती बनी मौत की वजह! भोजपुर में युवती की हत्या
भोजपुर। बिहार के भोजपुर जिले में झारखंड की रहने वाली एक युवती की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवती का शव खेत में गला रेतकर फेंका हुआ मिला, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत होने पर पुलिस ने विभिन्न पहलुओं से जांच शुरू कर दी है।
मृतका के परिजनों का आरोप है कि उनकी बेटी की पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से एक युवक से हुई थी और दोनों के बीच बातचीत होती थी। परिवार का कहना है कि वही युवक उनकी बेटी को अपने साथ लेकर गया था और उसी पर हत्या का संदेह है। परिजनों ने आरोप लगाया कि युवक ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया और हत्या के बाद शव को खेत में फेंककर फरार हो गया। उन्होंने पुलिस से आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों को भी जांच में शामिल किया गया है। घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों, मोबाइल फोन की कॉल डिटेल, सोशल मीडिया रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी तथ्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के वास्तविक कारणों और आरोपी की भूमिका को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।

