
कोलकाता में मेसी के फैंस का हंगामा, स्टेडियम से जल्दी जाने पर भड़के, कुर्सियां और बोतलें फेंकीं
गुस्साए फैंस की प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं। एक प्रशंसक का कहना है, ‘बेहद निराशाजनक घटना। वे सिर्फ 10 मिनट के लिए आए। सभी नेता और मंत्री उनके चारों ओर जमा थे। हम कुछ भी नहीं देख पाए।’ लियोनल मेसी G.O.A.T दौरे पर भारत पहुंच चुके हैं। आज वह कोलकाता पहुंचे और सॉल्ट लेक स्टेडियम का दौरा किया। लैप ऑफ ऑनर के बाद वह स्टेडियम से जल्दी निकल गए। इसके बाद सॉल्ट लेक स्टेडियम में मौजूद फैंस ने जमकर हंगामा किया है। उन्होंने कुर्सियां और बोतलें फेंकी हैं। इसका वीडियो सामने आया है। मेसी को देखने के लिए हजारों की संख्या में फैंस पहुंचे थे। सबसे बड़ी बात कि उन्होंने टिकट के लिए भारी कीमत भी चुकाई थी। ऐसे में उनके जल्दी स्टेडियम से जाने से फैंस भड़क गए। गुस्साए फैंस की प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं। एक प्रशंसक का कहना है, ‘बेहद निराशाजनक घटना। वे सिर्फ 10 मिनट के लिए आए। सभी नेता और मंत्री उनके चारों ओर जमा थे। हम कुछ भी नहीं देख पाए। उन्होंने एक भी किक या पेनल्टी नहीं ली। उन्होंने कहा था कि वे शाहरुख खान को भी लाएंगे। लेकिन वे किसी को नहीं लाए। वे 10 मिनट आए और चले गए। इतना पैसा, भावनाएं और समय बर्बाद हो गया। हम कुछ भी नहीं देख पाए…।’ वहीं, दूसरे फैन ने कहा, ‘मेसी के चारों ओर सिर्फ नेता और अभिनेता ही थे…तो फिर उन्होंने हमें क्यों बुलाया… हमें 12 हजार का टिकट मिला था, लेकिन हम उनका चेहरा तक नहीं देख पाए…।’

