
पुलिस मुठभेड़ प्रकरण में मजिस्ट्रियल जांच, 29 जुलाई तक आमजन से मांगे गए साक्ष्य व बयान
लखनऊ। अपर जिला मजिस्ट्रेट (प्रशासन) लखनऊ के कार्यालय पत्र संख्या 735/जे०ए० दिनांक 13.07.2026 के अनुसार, पुलिस उपायुक्त (पूर्वी जोन) लखनऊ के पत्रांक सीए/डीसीपीई-रिपोर्ट/2026 दिनांक 02.07.2026 के संदर्भ में कुख्यात अपराधी संजय उर्फ संजीव पुत्र हरीराम, निवासी ग्राम चक कोडार, थाना अहिरौली, जनपद अंबेडकर नगर की पुलिस मुठभेड़ में हुई मृत्यु के मामले में मजिस्ट्रियल जांच कराई जा रही है। यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय एटीएस लखनऊ श्री दीपक कुमार सिंह के निर्देशन में एसटीएफ टीम एवं स्थानीय पुलिस थाना बीबीडी द्वारा की गई कार्रवाई से संबंधित है। इस संबंध में थाना बीबीडी में अपराध संख्या 202/2026 के तहत धारा 109/352 बीएनएस एवं 3/7/25 आयुध अधिनियम में मुकदमा दर्ज है।
जिला मजिस्ट्रेट लखनऊ द्वारा इस प्रकरण की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच के लिए अधोहस्ताक्षरी को मजिस्ट्रियल जांच अधिकारी नामित किया गया है। जांच के दौरान घटना से जुड़े सभी तथ्यों, परिस्थितियों तथा उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण किया जाएगा, ताकि मामले में वस्तुनिष्ठ एवं न्यायोचित निष्कर्ष तक पहुंचा जा सके।
प्रशासन ने इस मामले से संबंधित किसी भी व्यक्ति, प्रत्यक्षदर्शी अथवा ऐसे नागरिक जिनके पास घटना से जुड़े अभिलेख, साक्ष्य या बयान उपलब्ध हों, उनसे सहयोग की अपील की है। इच्छुक व्यक्ति 29 जुलाई 2026 तक किसी भी कार्य दिवस में उप जिलाधिकारी कार्यालय, तहसील सदर, लखनऊ में उपस्थित होकर अपने दस्तावेज, साक्ष्य अथवा बयान प्रस्तुत कर सकते हैं, जिन्हें मजिस्ट्रियल जांच का हिस्सा बनाया जाएगा।

