
दिल्ली: जन्मदिन पर पत्नी की गोली मारकर हत्या, सड़क किनारे छोड़कर फरार हुआ कांस्टेबल; डिलीवरी बॉय ने पहुंचाया अस्पताल
राजधानी दिल्ली के कल्याणपुरी इलाके में रिश्तों को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है। दिल्ली पुलिस के एक कांस्टेबल पर अपनी पत्नी की जन्मदिन के दिन गोली मारकर हत्या करने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी अपनी पत्नी को सड़क किनारे छोड़कर मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल महिला को वहां से गुजर रहे एक डिलीवरी बॉय ने देखा और मानवता दिखाते हुए तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरोपी की तलाश में पुलिस की कई टीमें जुटी हुई हैं।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, घटना से पहले पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान कांस्टेबल ने कथित तौर पर अपनी सर्विस पिस्टल से पत्नी पर गोली चला दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों और डिलीवरी बॉय की मदद से घायल महिला को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
पुलिस ने आरोपी कांस्टेबल के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और घटना के पीछे की वजह का पता लगाया जा रहा है। इस वारदात ने एक बार फिर घरेलू हिंसा और पारिवारिक विवादों से जुड़े गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

