NHAI की लापरवाही से हरमाड़ा घाटी की सड़क बनी मुसीबत, डेढ़ किलोमीटर अतिरिक्त सफर को मजबूर लोग

NHAI की लापरवाही से हरमाड़ा घाटी की सड़क बनी मुसीबत, डेढ़ किलोमीटर अतिरिक्त सफर को मजबूर लोग

राजस्थान की राजधानी जयपुर के सीकर रोड स्थित हरमाड़ा घाटी में राधास्वामी सत्संग व्यास की गली के पास NHAI द्वारा ड्रेनेज नाली निर्माण के लिए सड़क को खोदा गया था। निर्माण कार्य पूरा होने के बावजूद सड़क का दोबारा निर्माण नहीं किया गया, जिससे क्षेत्र के हजारों स्थानीय नागरिकों और राहगीरों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क बंद होने से आवागमन पूरी तरह प्रभावित है और लोगों में विभाग की कार्यशैली को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है।

स्थानीय निवासी महावीर कुमावत, मांगीलाल कुमावत, पवन जोशी और राहुल शर्मा का कहना है कि सड़क बंद होने के कारण उन्हें अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए करीब डेढ़ किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ रहा है। इससे न केवल उनका कीमती समय बर्बाद हो रहा है, बल्कि ईंधन की अतिरिक्त खपत से आर्थिक बोझ भी बढ़ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं किया गया है।

बारिश के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो गई है। टूटी हुई सड़क पर कीचड़ और जलभराव के कारण पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है, जबकि दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने NHAI और प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क का पुनर्निर्माण कराने की मांग की है ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।

CATEGORIES
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)