
Aban Ahmed Video: वायरल ’दबंगई’ वीडियो ने अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान की बढ़ाई मुश्किलें, FIR दर्ज
Aban Ahmed Video: माफिया अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान अहमद का सोशल मीडिया पर वायरल हुआ 30 सेकंड का ‘दबंगई’ वीडियो अब उसके लिए मुसीबत का कारण बन गया है। धूमनगंज थाने में एसआई आदित्य सिंह की तहरीर पर अबान अहमद और वह इंस्टाग्राम आईडी, जिस पर यह वीडियो अपलोड हुआ, उसके क्रिएटर हमजा के खिलाफ नामजद FIR दर्ज की गई है। इसके अलावा एक अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध भी केस दर्ज हुआ है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
वायरल वीडियो में दिखा लग्ज़री गाड़ियों का काफिला
बीते दिनों सोशल मीडिया पर अबान अहमद का एक 30 सेकंड का वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में वह एक विवाह समारोह में दिखाई दे रहा है, जहां उसके साथ कुछ अन्य युवक भी मौजूद थे। बैकग्राउंड में ‘हम कुत्तों की तरह पीछे से वार नहीं करते’ और ‘हम दिल भी रखते हैं और असलहा भी’ जैसे आपत्तिजनक और धमकी भरे डायलॉग सुनाई दे रहे थे।
वीडियो में लग्ज़री गाड़ियों का काफिला भी देखा गया, जबकि अबान अहमद को दबंग अंदाज में चलते हुए दिखाया गया। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर विभिन्न प्रतिक्रियाएँ आने लगीं, जिसने मामले को और संवेदनशील बना दिया।
दो साल बाद भी सुर्खियों में अतीक परिवार
अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की हत्या को दो साल से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन उनका परिवार अक्सर किसी न किसी वजह से सुर्खियों में बना रहता है। अबान से जुड़े इस हालिया वीडियो ने एक बार फिर मीडिया और जनता का ध्यान आकर्षित किया है।
प्रयागराज पुलिस की कार्रवाई
वायरल वीडियो को गंभीरता से लेते हुए डीसीपी मनीष कुमार शांडिल्य के निर्देश पर धूमनगंज थाने में FIR दर्ज की गई है। डीसीपी के अनुसार, मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि वीडियो कब और कहां का है। वीडियो किसने शूट किया, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस तकनीकी और स्थानीय इनपुट के आधार पर पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कर रही है।

