लालू ने मनाया 79वां जन्मदिन, देर रात राबड़ी आवास पर परिवार संग काटा केक; तेज-तेजस्वी, रोहिणी ने ऐसे दी बधाई

लालू ने मनाया 79वां जन्मदिन, देर रात राबड़ी आवास पर परिवार संग काटा केक; तेज-तेजस्वी, रोहिणी ने ऐसे दी बधाई

 

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव आज अपना 79वां जन्मदिन मना रहे हैं. इस खास मौके पर पटना स्थित राबड़ी आवास में देर रात ही उत्सव का माहौल शुरू हो गया. लालू यादव ने अपने पूरे परिवार की मौजूदगी में केक काटकर जन्मदिन मनाया. इस दौरान उनकी पत्नी राबड़ी देवी और बेटे तेजस्वी यादव ने उन्हें अपने हाथों से केक खिलाकर बधाई दी.इस पारिवारिक उत्सव में तेजस्वी यादव की बेटी और परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे. पिता के जन्मदिन की खूबसूरत तस्वीरों को अपने सोशल मीडिया हैंडल ‘X’ पर साझा करते हुए तेजस्वी यादव ने लिखा- हेप्पी बर्थडे पापा! वहां, उनकी बेटी रोहिणी आचार्य और बड़े बेटे तेजप्रताप यादव ने भी पिता लालू यादव के साथ पुरानी और यादगार तस्वीरें शेयर करते हुए सोशल मीडिया पर एक बेहद इमोशनल पोस्ट लिखी है.लालू यादव के जन्मदिन को लेकर आरजेडी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है. इस अवसर पर पटना स्थित पार्टी के मुख्य कार्यालय को बेहद आकर्षक ढंग से सजाया गया है. आज बिहार के सभी जिला मुख्यालयों में राजद नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा केक काटकर तथा आम लोगों के बीच मिठाइयां बांटकर बड़े ही धूमधाम से अपने नेता का जन्मदिन मनाया जाएगा.लालू के जन्मदिन पर रोहिणी ने उनसे साथ तस्वीर शेयर करते हुए लिखा- आज आपके जन्मदिन पर मैं बस इतना कहना चाहती हूं कि मेरी जिंदगी में आपका स्थान कोई और नहीं ले सकता. आपने हर कदम पर मेरा हाथ थामा, मुझे गिरकर संभलना और चलना सिखाया और हर मुश्किल में मेरी ढाल बनकर खड़े रहे. आपका प्यार, त्याग और आशीर्वाद ही मेरी सबसे बेशकीमती धरोहर है. ईश्वर से मेरी यही प्रार्थना है कि आपको लंबी उम्र, उत्तम स्वास्थ्य, हर पल सिर्फ और सिर्फ खुशी मिले और आपके आशीर्वाद का हाथ सदैव मेरे सिर पर रहे.वहीं, तेजप्रताप यादव ने X पर लिखा- आज आपके जन्मदिन के इस विशेष अवसर पर मैं दिल से कहना चाहता हूं कि मैं स्वयं को बेहद सौभाग्यशाली मानता हूं कि मुझे आपका पुत्र होने का अवसर मिला. आपने मुझे सिर्फ जन्म ही नहीं दिया, बल्कि जीवन जीने का सही तरीका भी सिखाया. आपने मुझे संघर्ष करना, लोगों का सम्मान करना, कठिन परिस्थितियों में मजबूत बने रहना और हमेशा आगे बढ़ते रहना सिखाया. आज मैं जो कुछ भी हूं, मेरी हर सफलता, मेरी हर पहचान और मेरे जीवन की हर उपलब्धि आपके आशीर्वाद, मार्गदर्शन और संस्कारों का परिणाम है. मैं अपनी हर उपलब्धि आपको समर्पित करता हूँ. पापा, आप सिर्फ हमारे पिता नहीं हैं, बल्कि एक महान नेता, एक महान इंसान और एक प्रेरणा हैं. आपके जैसा व्यक्तित्व, आपकी जैसी दूरदृष्टि, आपकी जैसी निस्वार्थ भावना और आपकी जैसी दृढ़ता शायद ही किसी में देखने को मिले. आपने पूरे परिवार को हमेशा एकजुट रखा, हमें हर सुख-दुख में संभाला और बिना किसी स्वार्थ के अपना सब कुछ हमारे लिए समर्पित कर दिया. सिर्फ अपने परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि समाज, राज्य और देश के लोगों के लिए भी आपने अपना पूरा जीवन सेवा में लगा दिया.<br />आपकी समाज सेवा, आपका त्याग और लोगों प्रति आपका समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणा है, मैं हर दिन भगवान का धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने मुझे आपका बेटा बनाया। मेरी यही प्रार्थना है कि आप हमेशा स्वस्थ, खुश और दीर्घायु रहें. भगवान आपको हर खुशी दें, उत्तम स्वास्थ्य दें और लंबी उम्र प्रदान करें. अगर मेरी उम्र भी आपको लग जाए तो उससे बड़ी खुशी मेरे लिए कोई नहीं होगी, क्योंकि आपका स्वस्थ और मुस्कुराता हुआ चेहरा ही हमारी सबसे बड़ी ताकत और खुशी है. आप पर हमें हमेशा गर्व रहेगा, पापा. जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएं। हम आपसे बहुत प्यार करते हैं और हमेशा करते रहेंगे.

CATEGORIES
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)