रामपुरा: संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव फांसी पर लटका मिला, आत्महत्या की आशंका

रामपुरा: संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव फांसी पर लटका मिला, आत्महत्या की आशंका

संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव फांसी पर लटका मिला, आत्महत्या की आशंका

रामपुरा, जालौन। थाना क्षेत्र रामपुरा के अंतर्गत ग्राम जगम्मनपुर के समीप जगम्मनपुर-बेनीपुरा मार्ग पर गुरुवार सुबह एक युवक का शव फांसी के फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह लगभग 7 बजे बेनीपुरा गांव के पास खेतों की ओर गए लोगों ने आम के एक पेड़ से युवक का शव लटका देखा। ग्रामीणों ने इसकी सूचना तत्काल रामपुरा थाना पुलिस को दी। मृतक की पहचान संजू उर्फ लल्लू (22 वर्ष) पुत्र रामकुमार निवासी बेनीपुरा (उदोतपुरा) के रूप में हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का विषय यह है कि जिस आम के पेड़ की शाखा से शव लटका मिला, वह जमीन से लगभग साढ़े पांच फीट की ऊंचाई पर है, जो मृतक की लंबाई के लगभग बराबर बताई जा रही है। इतना ही नहीं, शव फंदे पर लटका होने के बावजूद उसके घुटने जमीन से सटे हुए पाए गए। ऐसे में स्थानीय लोग मामले को संदिग्ध मानते हुए निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

ग्रामीणों के अनुसार संजू अविवाहित था तथा शराब पीने का आदी बताया जाता था। वह अपने बड़े भाइयों रनसिंह और फूल सिंह से अलग रहकर जीवनयापन करता था। संजू पानी-पूड़ी बेचने के साथ-साथ शादी-विवाह समारोहों में खाना बनाने का कार्य भी करता था।

रामपुरा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर शिव प्रकाश सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है फिर भी मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

CATEGORIES
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)