जयपुर में प्राध्यापक (कृषि एवं कोच) प्रतियोगी परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न, हजारों अभ्यर्थी हुए शामिल

जयपुर में प्राध्यापक (कृषि एवं कोच) प्रतियोगी परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न, हजारों अभ्यर्थी हुए शामिल

 राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC), अजमेर की ओर से आयोजित प्राध्यापक (कृषि एवं कोच) प्रतियोगी परीक्षा-2025 का आयोजन जयपुर जिले में दो पारियों में शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से व्यापक व्यवस्थाएं की गई थीं। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, निगरानी और अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए, जिससे पूरी प्रक्रिया बिना किसी अव्यवस्था के संपन्न हुई।

परीक्षा समन्वयक एवं अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (जयपुर पूर्व) नरेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि प्रथम पारी में सामान्य ज्ञान विषय की परीक्षा जिले के 181 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई। इस पारी में कुल 66,740 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 36,748 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। इस प्रकार प्रथम पारी में 55.06 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई। परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन कराया गया तथा उड़नदस्तों द्वारा लगातार निगरानी रखी गई।

वहीं दूसरी पारी में राजनीति विज्ञान विषय की परीक्षा के लिए जयपुर जिले में 67 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इस पारी में कुल 17,370 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 9,740 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। इस प्रकार द्वितीय पारी में 56.07 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई। जिला प्रशासन ने परीक्षा के सफल आयोजन के लिए सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सुरक्षा बलों के सहयोग की सराहना करते हुए बताया कि पूरी परीक्षा प्रक्रिया शांतिपूर्ण, पारदर्शी और निष्पक्ष वातावरण में संपन्न हुई।

CATEGORIES
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)