जयपुर में 25 मई से शुरू होगा वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान, जल बचत को लेकर बड़े स्तर पर होंगे कार्यक्रम

जयपुर में 25 मई से शुरू होगा वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान, जल बचत को लेकर बड़े स्तर पर होंगे कार्यक्रम

राजस्थान सरकार के निर्देशानुसार जयपुर जिले में 25 मई से 5 जून 2026 तक वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य जल संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और स्वच्छता के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना है। जिला कलक्टर संदेश नायक ने बताया कि अभियान की शुरुआत जिला स्तर से लेकर ब्लॉक, ग्राम पंचायत और शहरी क्षेत्रों तक व्यापक स्तर पर की जाएगी। अभियान के तहत जल स्रोतों, तालाबों, नदियों और जल संग्रहण स्थलों पर स्वच्छता अभियान और श्रमदान जैसे कार्यक्रम आयोजित होंगे।

अभियान के दौरान जल संरक्षण से जुड़े कई विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इनमें नदी, नहर और बांधों पर पूजन, नहरों और खालों की सफाई, कैच द रेन अभियान, वंदे गंगा प्रभात फेरी, कलश यात्रा, पीपल पूजन और पौधारोपण जैसे कार्यक्रम शामिल रहेंगे। इसके साथ ही जल बचत को लेकर आमजन को जागरूक करने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

जिला प्रशासन द्वारा स्थानीय गौशालाओं, पशु चिकित्सालयों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी स्वच्छता और जल सेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा जल परीक्षण अभियान, ऊर्जा ऑडिट, ग्रीन बजट, पेयजल स्रोतों की सफाई और नए विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण भी किया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से जल संरक्षण को जन आंदोलन का रूप देना है।

CATEGORIES
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)