
बयाना में CM भजनलाल का दावा, 410 परीक्षाएं बिना पेपर लीक
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आज भरतपुर के बयाना क्षेत्र के बिड़यारी गांव पहुंचे। यहां उन्होंने भरतपुर संभाग के 993 करोड़ रुपये के 249 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसके बाद जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने सरकार के विकास कार्यों, युवाओं के लिए रोजगार और आने वाले वर्षों की योजनाओं का जिक्र किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार के कार्यकाल में अब तक 1 लाख 90 हजार पदों पर नियुक्तियां दी जा चुकी हैं, जबकि करीब 1 लाख 22 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। उन्होंने दावा किया कि अब तक 410 परीक्षाएं बिना पेपरलीक के आयोजित की गई हैं। वर्ष 2026 के लिए करीब 1.25 लाख पदों का भर्ती कैलेंडर भी जारी किया गया है।
चिकित्सा और सड़क परियोजनाओं पर जोर
भरतपुर संभाग में स्वास्थ्य, सड़क, पानी, बिजली और शिक्षा से जुड़े कई प्रोजेक्टों का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया। मुख्यमंत्री के मुताबिक भरतपुर में करीब 160 करोड़ रुपये की लागत से ट्रॉमा सेंटर और मातृ-शिशु स्वास्थ्य अस्पताल की आधारशिला रखी गई है। इसके अलावा स्वास्थ्य क्षेत्र के 20 नए कार्यों की नींव और 11 कार्यों का लोकार्पण किया गया।
सड़क क्षेत्र में भी करोड़ों रुपये की परियोजनाओं की शुरुआत की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले तीन वर्षों में ग्रामीण क्षेत्रों में करीब 50 हजार करोड़ रुपये के विकास कार्य किए जाएंगे।
किसानों और बिजली को लेकर भी बड़े दावे
मुख्यमंत्री ने किसान सम्मान निधि और ब्याजमुक्त फसली ऋण का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि राज्य के 76 लाख किसानों को किसान सम्मान निधि के तहत करीब 14,395 करोड़ रुपये दिए गए हैं। वहीं एक करोड़ से ज्यादा किसानों को करीब 67 हजार करोड़ रुपये का ब्याजमुक्त फसली ऋण दिया गया है।
बिजली को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने ढाई साल में करीब 12 हजार मेगावाट बिजली उत्पादन किया है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य 2027 तक किसानों को दिन में बिजली, उद्योगों को पर्याप्त बिजली और घरेलू उपभोक्ताओं को 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराना है।
‘वन स्टेट-वन इलेक्शन’ का भी जिक्र
जनसभा में मुख्यमंत्री ने ‘वन स्टेट-वन इलेक्शन’ का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि बार-बार चुनाव होने से समय और संसाधनों पर असर पड़ता है। सरकार का उद्देश्य चुनावी प्रक्रिया को समन्वित कर विकास कार्यों को गति देना है। मुख्यमंत्री ने बयाना क्षेत्र के पर्यटन विकास पर भी जोर दिया और कहा कि सरकार इस दिशा में काम कर रही है।

