
उरई में डॉक्टरों के खिलाफ फूटा गुस्सा, महिलाओं और व्यापारियों ने घंटाघर चौराहे पर किया प्रदर्शन
उरई में मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों और कर्मचारियों के खिलाफ लोगों का गुस्सा सड़कों पर देखने को मिला। घंटाघर चौराहे पर भाजपा महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष पूजा शुक्ला के नेतृत्व में महिलाओं, व्यापारियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन कर विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि एक व्यापारी बृजकिशोर गुप्ता अपनी बच्ची के इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचे थे, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों और कर्मचारियों द्वारा अभद्र व्यवहार किए जाने की घटना सामने आई।
धरने के दौरान भाजपा महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष पूजा शुक्ला ने कहा कि सफेद कोट पहनकर बैठे कुछ डॉक्टरों की कथित दबंगई और अभद्रता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि मरीज और उनके परिजन इलाज की उम्मीद लेकर अस्पताल पहुंचते हैं, लेकिन वहां उनके साथ दुर्व्यवहार और हाथापाई जैसी घटनाएं सामने आती हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं करता तो महिलाएं भूख-प्यास त्यागकर आंदोलन को और तेज करने को मजबूर होंगी।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं और व्यापारियों ने “सफेद कोट में बैठे डॉक्टर मुर्दाबाद” के नारे लगाए और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक विनय कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित, पूर्व जिलाध्यक्ष रावेंद्र सिंह, विधायक प्रतिनिधि आशीष चतुर्वेदी, जिला मंत्री प्रीति गुप्ता, रेखा वर्मा सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

