
जयपुर में फ्लैगशिप योजनाओं की समीक्षा बैठक, पात्रों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर
जयपुर, 20 मई। जिला कलक्टर संदेश नायक की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला कलक्टर ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना सभी अधिकारियों की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने संबंधित विभागों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जिला रसद अधिकारी प्रथम प्रियव्रत सिंह चारण को पात्र नवीन परिवारों को एनएफएसए योजना से जोड़ने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही लाडो प्रोत्साहन योजना के लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण पर भी जोर दिया गया। कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान के तहत सूखे बोरवेलों के रिचार्ज, जलभराव वाले क्षेत्रों में वाटर रिचार्ज और जल संरक्षण संबंधी कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश भी जारी किए गए। इसके अलावा मुख्यमंत्री शिक्षित राजस्थान अभियान और प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना में बेहतर प्रगति लाने पर भी चर्चा की गई।
जिला कलक्टर ने इस दौरान कुसुम योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और अटल प्रगति पथ सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की तथा अधिकारियों को आवश्यक प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला परिषद मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रतिभा वर्मा, अतिरिक्त जिला कलक्टर विनीता सिंह, मुकेश कुमार मूण्ड, देवयान, सीपीओ डॉ. सुदीप कुमावत सहित कई अधिकारी व्यक्तिगत एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।

