
15 साल से एक ही स्थान पर तैनाती का आरोप, विद्युत संविदा मजदूर संगठन ने उठाई स्थानांतरण की मांग
विद्युत संविदा मजदूर संगठन, उत्तर प्रदेश की ओर से मुख्य अभियंता (वितरण) बस्ती को एक पत्र भेजकर अवर अभियंता अमित सिंह के स्थानांतरण की मांग की गई है। संगठन ने आरोप लगाया है कि अमित सिंह पिछले करीब 15 वर्षों से एक ही स्थान पर कार्यरत हैं और लंबे समय से एक ही क्षेत्र में बने रहने के कारण विभागीय कार्यों के संचालन तथा कर्मचारियों और उपभोक्ताओं के हित प्रभावित हो रहे हैं।
संगठन के अनुसार अवर अभियंता अमित सिंह द्वारा खलीलाबाद से गोरखपुर अप-डाउन करते हुए विभागीय कार्य किए जा रहे हैं, जिससे समय पर कार्यों के निष्पादन में बाधाएं उत्पन्न हो रही हैं। पत्र में कहा गया है कि फीडरों में तकनीकी खराबी आने पर उपभोक्ताओं को समय पर समाधान नहीं मिल पाता है, जिससे कर्मचारियों पर भी दबाव बढ़ता है। संगठन ने यह भी आरोप लगाया कि विभागीय सामानों की क्षति और कर्मचारियों के साथ समन्वय की समस्याएं भी लगातार सामने आती रही हैं।
विद्युत संविदा मजदूर संगठन ने विभाग से मांग की है कि विभाग, कर्मचारियों और उपभोक्ताओं के हित को ध्यान में रखते हुए अमित सिंह का स्थानांतरण किसी अन्य स्थान पर किया जाए। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि 15 दिनों के भीतर इस मांग पर कोई कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारी और विभागीय प्रशासन की होगी।

