
दिल्ली-गाजियाबाद की 30KM लंबी सड़क पर एक महीने तक भारी जाम की आशंका, निकलने से पहले जान लें वैकल्पिक रूट
दिल्ली-गाजियाबाद के बीच रोजाना सफर करने वाले लोगों के लिए आने वाले दिन मुश्किल भरे हो सकते हैं। गाजियाबाद से सराय काले खां की ओर जाने वाले NH-09 के करीब 30 किलोमीटर लंबे हिस्से पर NHAI की ओर से मरम्मत और कारपेटिंग का काम शुरू किया गया है, जिसके चलते इस रूट पर लेन प्रतिबंध लागू किया गया है। ट्रैफिक एडवाइजरी के मुताबिक, काम जून 2026 तक जारी रह सकता है, इसलिए पीक ऑवर में भारी जाम और सफर में देरी की आशंका है।
इस सड़क का इस्तेमाल रोजाना हजारों लोग दिल्ली, गाजियाबाद, नोएडा और मध्य दिल्ली की ओर जाने के लिए करते हैं, ऐसे में लेन कम होने से वाहनों का दबाव बढ़ सकता है। खासकर सुबह और शाम के समय ऑफिस जाने और लौटने वालों को ज्यादा परेशानी हो सकती है। ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे जल्दबाजी में गलत लेन का इस्तेमाल न करें, ट्रैफिक संकेतों का पालन करें और घर से निकलने से पहले रूट की जानकारी जरूर ले लें।
यात्रियों की परेशानी कम करने के लिए NH-24 को वैकल्पिक मार्ग के रूप में इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। गाजियाबाद से सराय काले खां या मध्य दिल्ली की ओर जाने वाले लोग प्रभावित NH-09 रूट की जगह NH-24 का विकल्प चुन सकते हैं, जिससे जाम से कुछ राहत मिल सकती है। जरूरी काम न हो तो इस रूट पर यात्रा टालना बेहतर रहेगा, जबकि रोजाना आने-जाने वाले लोग अतिरिक्त समय लेकर निकलें, ताकि ट्रैफिक जाम की वजह से परेशानी का सामना न करना पड़े।

