
अक्षय कुमार कार एक्सीडेंट: ऑटो ड्राइवर के भाई की डिमांड, देना होगा मोटा मुआवजा!
बॉलीवुड सुपरस्टार अक्षय कुमार के सुरक्षा काफिले की एक गाड़ी मुंबई के जुहू इलाके में सोमवार रात दुर्घटनाग्रस्त हो गई. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ ही देर में पुलिस व फायर ब्रिगेड की टीम वहां पहुंच गई. हादसे में एक ऑटो रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया. पुलिस ने रैश एंड नेग्लिजेंट ड्राइविंग के तहत मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है. घायल ऑटो रिक्शा चालक के भाई ने बताया कि उनका भाई गंभीर रूप से घायल है.
पुलिस के मुताबिक, यह दुर्घटना सोमवार रात करीब 8:30 से 9 बजे के बीच जुहू के मुकेश्वर रोड इलाके में हुई. समाचार एजेंसी पीटीआई और एएनआई की रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक तेज रफ्तार मर्सिडीज कार ने पहले एक ऑटोरिक्शा को टक्कर मारी, जिससे ऑटो उछलकर अक्षय कुमार के काफिले में शामिल एक अन्य कार से जा टकराया. हादसे इतना भंयकर था कि ऑटोरिक्शा के परखच्चे उड़ गए. जबकि एक कार पलटकर साइड में जा गिरी.
दर्दनाक था हादसा
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग और राहगीर मदद के लिए आगे आए. वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि लोग पुलिस और फायर ब्रिगेड के साथ मिलकर पलटी हुई कार को सीधा करने में मदद कर रहे हैं. इस दौरान घायल ऑटो चालक को बाहर निकालकर एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया.एएनआई के मुताबिक, घायल चालक के भाई ने उसकी हालत को ‘गंभीर’ बताई है. उन्होंने बयान में कहा, ‘मेरे भाई की रिक्शा पूरी तरह टूट गई है और उसकी हालत गंभीर है. हमारी बस यही मांग है कि उसे सही इलाज मिले, जरूरी दवाइयां उपलब्ध कराई जाएं और टूटी हुई रिक्शा का मुआवजा दिया जाए.’
जुहू पुलिस ने मर्सिडीज कार के ड्राइवर के खिलाफ तेज और लापरवाह ड्राइविंग का मामला दर्ज कर लिया है.पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जाएगा.
एयरपोर्ट से अक्षय के घर जा रही थी गाड़ी
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिस वाहन से दुर्घटना हुई, उसमें अक्षय कुमार या उनके परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था. उस समय कार में केवल सुरक्षा कर्मी सवार थे. रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये गाड़ियां अक्षय कुमार की पत्नी ट्विंकल खन्ना को विदेश यात्रा के बाद एयरपोर्ट से घर छोड़ने जा रही थीं. फिलहाल, अक्षय कुमार और ट्विंकल खन्ना की ओर से इस घटना पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है.

