
भारत भागे उस्मान हादी हत्याकांड के दो संदिग्ध, बांग्लादेश पुलिस का दावा—मदद करने वाले नेटवर्क की तलाश जारी
बांग्लादेश पुलिस ने दावा किया है कि देश में जारी हिंसा से जुड़े दो आरोपी फैसल करीम मसूद और आलमगीर शेख सीमा पार कर भारत में घुस गए हैं। ढाका पुलिस के मुताबिक स्थानीय मदद से दोनों मेघालय पहुंचे है।बांग्लादेश में जारी हिंसा के बीच एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां बांग्लादेश पुलिस ने एक बड़ा दावा करते हुए बताया है कि दो आरोपी फैसल करीम मसूद और आलमगीर शेख सीमा पार कर भारत में घुस गए हैं। मामले में ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस (डीएमपी) के अतिरिक्त आयुक्त एसएन नजरुल इस्लाम ने बताया कि दोनों आरोपी स्थानीय लोगों की मदद से भारत के मेघालय राज्य में दाखिल हुए। उन्होंने बताया कि मिली जानकारी के अनुसार दोनों आरोपी हलुआघाट सीमा के रास्ते भारत पहुंचे।द डेली स्टार ने ढाका पुलिस के हवाले से बताया कि सीमा पार करने के बाद उन्हें सबसे पहले एक व्यक्ति ने रिसीव किया, जिसका नाम पुर्ति बताया गया है। इसके बाद एक टैक्सी ड्राइवर सामी ने दोनों को मेघालय के तुरा शहर तक पहुंचाया। नजरुल इस्लाम ने कहा कि पुलिस को अनौपचारिक जानकारी मिली है कि भारत में दोनों आरोपियों की मदद करने वाले पुर्ति और टैक्सी ड्राइवर सामी को भारतीय अधिकारियों ने हिरासत में ले लिया है।डीएमपी के अतिरिक्त आयुक्त एसएन नजरुल इस्लाम ने आगे बताया कि बांग्लादेश सरकार आरोपियों को वापस लाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसके लिए भारत के अधिकारियों से औपचारिक और अनौपचारिक दोनों स्तरों पर संपर्क में रहा जा रहा है, ताकि आरोपियों की गिरफ्तारी और प्रत्यर्पण सुनिश्चित किया जा सके।

