
बरेली में बड़ी कार्रवाई: मौलाना तौकीर के करीबी वाजिद बेग के बरातघर पर चला बुलडोजर, भारी पुलिस बल तैनात
बरेली में फिर बीडीए का बुलडोजर चला है। बीडीए ने मंगलवार को मौलाना तौकीर रजा के करीबी वाजिद बेग के बरातघर पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की। बीडीए अफसरों के मुताबिक यह बरातघर बिना नक्शा पास कराए बनाया गया। एक महीने पहले इसे सील किया गया था। बरेली में 26 सितंबर को शहर में बवाल कराने के मुख्य आरोपी मौलाना तौकीर रजा के करीबी प्रॉपर्टी डीलर वाहिद बेग के बरातघर पर भी मंगलवार को बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने बुलडोजर चलाया। सुबह 11:30 से बीडीए की पोकलेन मशीन और दो बुलडोजर बरातघर को जमींदोज करने में जुट गए। कार्रवाई शुरू होने के दौरान कुछ महिलाओं में विरोध जरूर किया था, लेकिन पुलिस बल की सक्रियता से उनका विरोध प्रदर्शन काम नहीं आया और बीडीए ने तोड़फोड़ की कार्रवाई शुरू कर दी थी। इज्जतनगर थाना क्षेत्र के फरीदापुर चौधरी गांव में स्थित वाहिद बेग के बरातघर को ध्वस्त करने की कार्रवाई का कारण बीडीए मानचित्र स्वीकृत न होना बता रहा है। बरातघर को जमींदोज करने के लिए जिला प्रशासन ने मौके पर मजिस्ट्रेट के रूप में रामजन्म यादव को तैनात कर रखा है। साथ में एटीएम सिटी सौरभ दुबे भी मौजूद हैं। यहां पुलिस फोर्स का नेतृत्व एसपी सिटी मानुष पारीक कर रहे हैं। जबकि बीडीए की तरफ से संयुक्त सचिव दीपक कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर हैं

