
‘स्पिरिट’ विवाद पर दीपिका का इशारों में जवाब? पोस्ट लाइक कर जाहिर की नाराजगी
फिल्म ‘स्पिरिट’ से दीपिका पादुकोण के बाहर होने का विवाद एक बार फिर सुर्खियों में है। फिल्म के निर्माता और निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा के भाई प्रनय रेड्डी वांगा ने हाल ही में दावा किया था कि दीपिका ने फिल्म के मुनाफे में 10 फीसदी हिस्सेदारी, फीस और काम के घंटों को लेकर कुछ शर्तें रखी थीं। उनके मुताबिक, इन्हीं वजहों से दीपिका को फिल्म से रिप्लेस किया गया।
अब इस पूरे मामले पर दीपिका ने सीधे तौर पर कोई बयान नहीं दिया है, लेकिन उन्होंने पत्रकार जानवी मनचंदा की एक इंस्टाग्राम पोस्ट को लाइक किया है। इस पोस्ट में सवाल उठाया गया था कि जब पुरुष कलाकार अपनी फीस, प्रॉफिट शेयर और काम के घंटों को लेकर बातचीत करते हैं तो इसे प्रोफेशनल नेगोशिएशन माना जाता है, लेकिन महिला कलाकार के ऐसा करने पर उन्हें ‘मुश्किल’ या ‘गैर-पेशेवर’ क्यों कहा जाता है।
दीपिका के इस लाइक को उनके कथित तौर पर ‘स्पिरिट’ विवाद पर पहला इशारों वाला रिएक्शन माना जा रहा है। हालांकि, अभिनेत्री ने प्रनय रेड्डी वांगा के हालिया आरोपों पर अभी तक कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।

