18 साल की युवती का यौन शोषण, कनाडा के मशहूर फैशन डिजाइनर 84 की उम्र में दोषी करार

18 साल की युवती का यौन शोषण, कनाडा के मशहूर फैशन डिजाइनर 84 की उम्र में दोषी करार

कनाडा के पूर्व फैशन उद्योगपति और डिजाइनर पीटर नाइगार्ड (Peter Nygard) को एक 18 वर्षीय युवती के यौन शोषण और जबरन बंधक बनाकर रखने के मामले में अदालत ने दोषी करार दिया है। यह मामला 1997-98 का है, जब पीड़िता एक उभरती हुई मॉडल बनना चाहती थी। अभियोजन पक्ष के अनुसार, नाइगार्ड ने करियर में मदद और बेहतर भविष्य का झांसा देकर युवती को अपने मॉन्ट्रियल स्थित पेंटहाउस बुलाया, जहां उसके साथ यौन शोषण किया गया। अदालत में सुनवाई के दौरान आरोपी ने बचाव में कोई साक्ष्य पेश नहीं किया और दोष स्वीकार करने के बाद अदालत ने उसे दोषी ठहराया।

84 वर्षीय पीटर नाइगार्ड पहले भी कई यौन शोषण मामलों में दोषी ठहराए जा चुके हैं। वह फिलहाल टोरंटो की एक अदालत द्वारा सुनाई गई 11 साल की सजा काट रहे हैं, जहां उन्हें चार महिलाओं के यौन शोषण के मामले में दोषी पाया गया था। इसके अलावा अमेरिका में भी उनके खिलाफ सेक्स ट्रैफिकिंग और रैकेटियरिंग जैसे गंभीर आरोप लंबित हैं, जिनमें प्रत्यर्पण की प्रक्रिया भी चल रही है। अभियोजन पक्ष का कहना है कि नाइगार्ड ने अपने प्रभाव और फैशन उद्योग में पहचान का इस्तेमाल कर कई महिलाओं को कथित तौर पर निशाना बनाया।

क्यूबेक की अदालत ने दोषसिद्धि के बाद सजा पर अंतिम फैसला फिलहाल टाल दिया है और आरोपी की चिकित्सकीय जांच कराने के निर्देश दिए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद अदालत सजा पर सुनवाई करेगी। यह मामला कनाडा के चर्चित यौन अपराध मामलों में से एक माना जा रहा है और इसके फैसले पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी नजर बनी हुई है।

CATEGORIES
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)