
राज्यसभा और विधान परिषद चुनाव का ऐलान, 27 सीटों के लिए 18 जून को होगी वोटिंग
भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने राज्यसभा और विभिन्न राज्यों की विधान परिषद सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया है। आयोग के अनुसार कुल 27 सीटों पर चुनाव कराया जाएगा, जिसके लिए मतदान 18 जून को होगा। चुनाव प्रक्रिया के तहत नामांकन दाखिल करने की शुरुआत 1 जून से हो चुकी है, जबकि नामांकन की अंतिम तारीख 8 जून निर्धारित की गई है।
चुनाव आयोग के मुताबिक 10 राज्यों की 24 राज्यसभा सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव होंगे, जबकि महाराष्ट्र, तमिलनाडु और ओडिशा की एक-एक राज्यसभा सीट पर उपचुनाव कराया जाएगा। इसके अलावा बिहार में 9 विधान परिषद सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव और 1 सीट पर उपचुनाव होगा। वहीं कर्नाटक विधान परिषद की 7 सीटों पर भी चुनाव कराया जाएगा।
आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 9 जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 11 जून तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे। यदि किसी सीट पर मुकाबला हुआ तो 18 जून को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा, जबकि मतगणना उसी दिन शाम 5 बजे से शुरू होगी। चुनाव प्रक्रिया 20 जून तक पूरी कर ली जाएगी।

