
नई Thar OG या Thar Roxx? खरीदने से पहले जानें कौन सी SUV आपके लिए सही
महिंद्रा थार भारतीय बाजार में अपनी दमदार डिजाइन और ऑफ-रोड क्षमता के लिए काफी लोकप्रिय है। अब कंपनी ने अपनी 3-डोर थार को कई मैकेनिकल और कॉस्मेटिक बदलावों के साथ Thar OG के नाम से अपडेट किया है। नए अपडेट के बाद 3-डोर Thar OG और 5-डोर Thar Roxx के बीच फीचर्स और तकनीक का अंतर पहले की तुलना में काफी कम हो गया है। नई Thar OG में Thar Roxx से जुड़े कई फीचर्स के साथ नया पेंटालिंक रियर सस्पेंशन और इलेक्ट्रिक पावर स्टीयरिंग भी दिया गया है, जिससे इसे शहर की सड़कों और भारी ट्रैफिक में चलाना पहले से आसान होने का दावा किया गया है। नई Thar OG में M Glyde 4G प्लेटफॉर्म, वॉट लिंकेज के साथ रियर पेंटालिंक सस्पेंशन और FDD तकनीक जैसे अपडेट मिलते हैं। इसके अलावा इलेक्ट्रिक पावर स्टीयरिंग, C-शेप्ड DRLs वाली LED हेडलाइट्स, नए बंपर, 19-इंच अलॉय व्हील्स, ज्यादा पावरफुल इंजन और इलेक्ट्रॉनिक लॉकिंग डिफरेंशियल जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं। वहीं अगर आपकी प्राथमिकता ज्यादा स्पेस, फैमिली कम्फर्ट और 5-डोर की सुविधा है तो Thar Roxx इस लिहाज से अलग पैकेज पेश करती है। इसका आकार Thar OG से बड़ा है और पीछे के यात्रियों के लिए अलग दरवाजे दिए गए हैं, जिससे चढ़ना-उतरना आसान होता है। इसके अलावा रियर लेगरूम और बूट स्पेस भी ज्यादा मिलता है। फीचर्स की बात करें तो Thar Roxx में पैनोरमिक सनरूफ, बड़ा डुअल-स्क्रीन सेटअप, Level-2 ADAS और वेंटिलेटेड सीट्स जैसे फीचर्स मिलते हैं। अगर आपकी प्राथमिकता ऑफ-रोडिंग, पहाड़, रेत, कीचड़ या संकरे रास्तों पर ड्राइविंग है और आपको कॉम्पैक्ट 3-डोर SUV पसंद है, तो Thar OG का छोटा आकार और छोटा व्हीलबेस आपके लिए उपयोगी हो सकता है। वहीं जिन लोगों को रोजाना ऑफिस आने-जाने, परिवार के साथ लंबी यात्रा और ज्यादा केबिन स्पेस की जरूरत है, उनके लिए Thar Roxx का 5-डोर लेआउट ज्यादा व्यावहारिक है। यानी दोनों मॉडल अलग जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किए गए हैं—Thar OG ज्यादा कॉम्पैक्ट ऑफ-रोडिंग अनुभव पर केंद्रित है, जबकि Thar Roxx ज्यादा स्पेस और फैमिली उपयोगिता के साथ आती है। खरीदारी से पहले कीमत, इंजन, ड्राइवट्रेन और अपने इस्तेमाल के हिसाब से दोनों मॉडल के संबंधित वेरिएंट की तुलना करना जरूरी है।

