टोंक पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 13 एनडीपीएस मामलों में जब्त 34 लाख से ज्यादा की नशीली सामग्री नष्ट

टोंक पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 13 एनडीपीएस मामलों में जब्त 34 लाख से ज्यादा की नशीली सामग्री नष्ट

टोंक में पुलिस अधीक्षक रोशन मीना की अध्यक्षता में जिला स्तरीय औषधि व्ययन समिति ने एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज 13 मामलों में जब्त मादक पदार्थों का नियमानुसार नष्टीकरण किया। कार्रवाई के दौरान 24.803 किलोग्राम गांजा, 12.200 किलोग्राम डोडा चूरा, 102.4 ग्राम स्मैक और चरस को अमर इंडस्ट्री एरिया रीको टोंक में नियमानुसार जलाकर नष्ट किया गया। जब्त मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत 34 लाख 71 हजार 725 रुपये से अधिक बताई गई है। इस दौरान एएसपी मुख्यालय रतन लाल भार्गव, अपराध सहायक कप्तान सिंह और संबंधित थानाधिकारी मौजूद रहे।

15 साल से फरार 5 हजार रुपये का इनामी आरोपी गिरफ्तार

टोंक पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। एसपी रोशन मीना के निर्देश पर डीएसटी और पुरानी टोंक थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 15 वर्षों से फरार 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी अब्दुल रज्जाक उर्फ शेरू को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी मौहल्ला करोलिया छावनी टोंक का रहने वाला है। उसे पूछताछ और अनुसंधान के बाद गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब आरोपी से जुड़े पुराने मामलों और उसकी गतिविधियों को लेकर आगे जांच कर रही है।

अपहरण और फिरौती के मामले में 2 साल से फरार आरोपी गिरफ्तार

टोंक जिले के सोप थाना पुलिस ने अपहरण कर फिरौती मांगने के मामले में करीब दो साल से फरार चल रहे आरोपी नरेश कुमार मीना उर्फ घाणा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को जिला कारागृह टोंक से न्यायालय के प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया। कार्रवाई एसपी रोशन मीना के निर्देश और एएसपी रतन लाल भार्गव व सीओ उनियारा अशोक कुमार के सुपरविजन में की गई। पुलिस के मुताबिक आरोपी से पूछताछ और अनुसंधान के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया। वांछित अपराधियों के खिलाफ लगातार हो रही कार्रवाई से जिले में अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।

CATEGORIES
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)