जो रूट के छोटे भाई बिली रूट ने लिया संन्यास, 14 साल के प्रोफेशनल करियर को कहा अलविदा

जो रूट के छोटे भाई बिली रूट ने लिया संन्यास, 14 साल के प्रोफेशनल करियर को कहा अलविदा

इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज जो रूट के छोटे भाई बिली रूट ने प्रोफेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। 34 साल के बिली रूट ने 23 सितंबर को सोशल मीडिया के जरिए अपने फैसले की जानकारी दी। 2026 का मौजूदा घरेलू सीजन उनके 14 साल लंबे प्रोफेशनल क्रिकेट करियर का आखिरी सीजन होगा। बिली ने 2015 में फर्स्ट क्लास क्रिकेट से अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने नॉटिंघमशर के लिए खेलते हुए क्रिकेट की शुरुआत की और 2017 में टीम के साथ सफेद गेंद के दोनों घरेलू टूर्नामेंट जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे। इसके बाद 2019 में वह ग्लैमोर्गन से जुड़े और पिछले सात सीजन से इसी टीम का हिस्सा रहे। ग्लैमोर्गन के लिए भी बिली रूट का सफर शानदार रहा। उन्होंने टीम के लिए करीब 5 हजार रन बनाए और दो वनडे कप खिताब जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे। 2019 में नॉर्थम्पटनशर के खिलाफ उन्होंने 229 रन की शानदार पारी खेली, जो उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। अपने पूरे करियर में बिली ने 83 फर्स्ट क्लास, 60 लिस्ट-ए और 50 टी20 मुकाबले खेले। तीनों फॉर्मेट को मिलाकर उनके नाम 6400 से ज्यादा रन दर्ज हैं। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उन्होंने 4107 रन बनाए, जिसमें 7 शतक और 17 अर्धशतक शामिल हैं। लिस्ट-ए क्रिकेट में उनके नाम 1665 रन हैं, जबकि टी20 क्रिकेट में उन्होंने 634 रन बनाए। बिली रूट को इंग्लैंड की राष्ट्रीय टीम के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने का मौका नहीं मिला। हालांकि 2013 में लॉर्ड्स में इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच टेस्ट मैच के दौरान वह इंग्लैंड के 12वें खिलाड़ी के तौर पर टीम के साथ मौजूद थे। बचपन में बिली और जो रूट ने शेफील्ड कॉलेजिएट क्रिकेट क्लब में साथ क्रिकेट खेला था। अब जो रूट अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में इंग्लैंड का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, जबकि बिली रूट 14 साल के प्रोफेशनल करियर के बाद क्रिकेट को अलविदा कहने जा रहे हैं।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)