
जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र में अंबेडकर नगर की युवती की हत्या से जुड़ा मामला
सुलतानपुर। अंबेडकर नगर जिले के महरुआ थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती से दुष्कर्म व हत्या के मामले में जेल भेजे गए आरोपी गोलू का डीएनए सैंपल संरक्षित करने की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को सीजेएम कोर्ट में विवेचक की तरफ से अर्जी पेश की गई। सीजेएम नवनीत सिंह की अदालत ने डीएनए सैंपल के बिंदु पर सुनवाई के लिए दो मई की तारीख तय किया है और नियत तिथि पर आरोपी गोलू को जेल से तलब किया है।
जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र में बीते 15 अप्रैल को अंबेडकरनगर जिले के महरुआ थाने के एक गांव की रहने वाली युवती का शव बरामद हुआ था। जिसकी सूचना मिलने पर मृतका के भाई की तरफ से अपनी बहन का संपर्क आरोपी गोलू से होना बताते हुए एक दिन पूर्व ही घर से निकलने की बात कही गई। मामले में वादी की तहरीर पर जयसिंहपुर कोतवाली के एक गांव के रहने वाले आरोपी गोलू के खिलाफ हत्या का मुकदमा जयसिंहपुर कोतवाली में ही दर्ज किया गया। मृतका के शव का पोस्टमार्टम हुआ तो उसके शरीर पर काफी चोट के निशान मिले और दुष्कर्म की भी पुष्टि हुई। मामले में पुलिस ने गत 24 अप्रैल को आरोपी गोलू पर हत्या के अलावा दुष्कर्म की धारा लगाते हुए जेल भेजने की कार्रवाई किया। फिलहाल मृतका के शरीर पर आई करीब डेढ़ दर्जन चोटों व उसकी हत्या एवं दुष्कर्म की घटना में उसके ही संपर्क में रहने वाले आरोपी गोलू,वह भी अकेले एक ही आरोपी की भूमिका सामने लाने की वजह से मामले की कार्रवाई काफी चर्चा में है। फिलहाल जेल गए आरोपी गोलू का डीएनए सैंपल संरक्षित किए जाने की मांग को लेकर विवेचक प्रमोद कुमार मिश्रा की तरफ से सीजेएम कोर्ट में अर्जी दी गई है,जिस पर शनिवार को सुनवाई होनी है।

