गणेशोत्सव में FDA की बड़ी कार्रवाई, 9.76 करोड़ का संदिग्ध खाद्य स्टॉक जब्त

गणेशोत्सव में FDA की बड़ी कार्रवाई, 9.76 करोड़ का संदिग्ध खाद्य स्टॉक जब्त

महाराष्ट्र में गणेशोत्सव के दौरान मिलावट और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन यानी FDA ने राज्यभर में विशेष अभियान चलाया। 1 से 23 सितंबर 2026 के बीच चले इस अभियान में कुल 3,068 खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई। इस दौरान अलग-अलग प्रतिष्ठानों से 2,423 खाद्य नमूने जांच के लिए लिए गए। वहीं, मिलावट या खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के संदेह में करीब 6.34 लाख किलो खाद्य स्टॉक जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 9.76 करोड़ रुपये बताई गई है।

FDA की कार्रवाई के दौरान त्योहारों में ज्यादा मांग वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर विशेष नजर रखी गई। जांच के दौरान नियमों में कमियां पाए जाने पर 1,506 खाद्य प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी किए गए। वहीं, गंभीर नियम उल्लंघन के मामलों में 248 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए, जबकि 12 लाइसेंस रद्द कर दिए गए।

455 मामले दर्ज, 53.60 लाख रुपये जुर्माना वसूला

FDA के मुताबिक, फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट की धारा 69 के तहत कुल 455 मामले दर्ज किए गए। इनमें से 398 मामलों का निपटारा किया जा चुका है। इन मामलों में करीब 53.60 लाख रुपये का जुर्माना भी वसूला गया है। विभाग का कहना है कि अभियान का उद्देश्य त्योहार के दौरान बाजार में पहुंचने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना और मिलावट या असुरक्षित खाद्य सामग्री की बिक्री पर रोक लगाना है।

गणेश मंडलों के लिए ‘फेस्टिवल एनफोर्समेंट पोर्टल’

गणेशोत्सव के दौरान भंडारा, अन्नछत्र और महाप्रसाद जैसे आयोजनों को देखते हुए FDA ने गणेश मंडलों के लिए ‘फेस्टिवल एनफोर्समेंट पोर्टल’ भी शुरू किया। राज्यभर के गणेश मंडलों की ओर से इस पोर्टल पर 3,198 ऑनलाइन आवेदन किए गए। जोखिम के आधार पर इनमें से 383 स्थानों का खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मौके पर जाकर निरीक्षण किया।

इस दौरान गणेश मंडलों को खाद्य सुरक्षा, पीने के पानी, कच्चे माल के रखरखाव, खाद्य पदार्थों के स्टोरेज और खाना तैयार करने की जगह से जुड़ी जरूरी सावधानियों की जानकारी भी दी गई।

नाशिक डिवीजन में सबसे ज्यादा स्टॉक जब्त

FDA की कार्रवाई में नाशिक डिवीजन में सबसे ज्यादा खाद्य स्टॉक जब्त किया गया। यहां करीब 4,42,746 किलो खाद्य स्टॉक पकड़ा गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 6.23 करोड़ रुपये बताई गई है। वहीं मुंबई डिवीजन में 88 खाद्य नमूने लिए गए और करीब 4,203 किलो खाद्य स्टॉक जब्त किया गया। इसकी अनुमानित कीमत लगभग 16.24 लाख रुपये बताई गई है।

FDA ने लोगों से की सावधानी बरतने की अपील

FDA के मुताबिक, इस अभियान का उद्देश्य धार्मिक आयोजनों में किसी तरह का हस्तक्षेप करना नहीं है। विभाग का फोकस उत्पादन, भंडारण और सप्लाई के स्तर पर खाद्य पदार्थों की जांच करने और मिलावटी या असुरक्षित सामग्री को बाजार तक पहुंचने से रोकने पर है।

FDA ने नागरिकों से अपील की है कि प्रसाद, मिठाई और व्रत में इस्तेमाल होने वाले खाद्य पदार्थ लाइसेंस प्राप्त दुकानों से ही खरीदें। खरीदारी करते समय दुकान का लाइसेंस नंबर और ‘फूड सेफ्टी कनेक्ट’ QR कोड जांचने के साथ बिल जरूर लें। व्रत के लिए भगर, साबूदाना और राजगिरा जैसे खाद्य पदार्थ लेबल लगे और सीलबंद पैकेट में खरीदने की सलाह दी गई है।

FDA महाराष्ट्र के कमिश्नर तुकाराम मुंढे ने नागरिकों, गणेश मंडलों और खाद्य कारोबारियों से सहयोग की अपील की है। उनके मुताबिक अभियान का उद्देश्य गणेशोत्सव के दौरान लोगों को सुरक्षित और मिलावटमुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है।

CATEGORIES
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)