
Mathura News: मथुरा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ सम्मानित, प्रशासन ने बढ़ाया मनोबल
Mathura News: मथुरा जिले में मतदाता सूची को सही और अद्यतन रखने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह के निर्देशन में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चल रहा है। जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से न छूटे और सभी नाम सटीक रूप से दर्ज हों।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ को मिलेगा विशेष सम्मान
अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जिला प्रशासन ने बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को विशेष प्रोत्साहन देने की व्यवस्था की है। जो बीएलओ अपनी विधानसभा में सर्वाधिक डिजिटाइजेशन का कार्य समय पर पूर्ण करेंगे, उन्हें सम्मानित किया जाएगा।
इस प्रोत्साहन योजना के तहत-
- जिला प्रशासन की ओर से प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।
- बीएलओ और उनके परिवार को वृंदावन स्थित ठाकुर श्री बांके बिहारी जी मंदिर में VIP वाहन से विशेष दर्शन कराए जाएंगे।
- फन लैंड पार्क, वृंदावन में पारिवारिक लंच का भी आयोजन किया जाएगा।
विधानसभा छाता के बीएलओ संजय भार्गव का सराहनीय कार्य
उप जिलाधिकारी छाता वैभव गुप्ता ने बताया कि विधानसभा छाता क्षेत्र (संख्या 81) के बीएलओ श्री संजय भार्गव ने 23 नवंबर 2025 तक विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान 2026 का पूरा कार्य सफलतापूर्वक समाप्त कर लिया है।
उनके उत्कृष्ट कार्य को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से—
- उनके परिवार सहित बांके बिहारी जी मंदिर में VIP दर्शन कराए गए,
- तथा फन लैंड पार्क, वृंदावन में लंच का आयोजन भी किया गया।
अन्य कर्मचारी भी होंगे सम्मानित
अभियान में बेहतर कार्य करने वाले अन्य कर्मचारियों को भी प्रोत्साहन देने की घोषणा की गई है। इस सूची में- सहायक अध्यापक अमित, कुमार और इंद्रजीत के नाम शामिल हैं।
दोनों कर्मचारियों ने मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान 2026 के अंतर्गत अपना संपूर्ण कार्य समय पर पूरा कर लिया है। प्रशासन द्वारा इन्हें भी समान रूप से सम्मान और सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
प्रशासन का उद्देश्य और दृष्टिकोण
उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. पंकज कुमार वर्मा ने सभी कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रोत्साहन से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ता है। इससे वे और अधिक जिम्मेदारी और ईमानदारी से कार्य करते हैं, जिससे लोकतंत्र की जड़ें मजबूत होती हैं और चुनाव प्रणाली अधिक पारदर्शी बनती है।

