
AIMIM पार्षद सहर शेख के बयान पर बवाल, कार्रवाई न होने से नाराज़ किरीट सोमैया; आज फिर जाएंगे पुलिस स्टेशन
बीएमसी चुनाव में AIMIM के टिकट पर मुंब्रा से जीत दर्ज कर पार्षद बनीं सहर शेख के कथित विवादित बयान को लेकर सियासत तेज हो गई है। बीजेपी नेता किरीट सोमैया ने उनके खिलाफ पुलिस कार्रवाई न होने पर कड़ी आपत्ति जताई है और ऐलान किया है कि वह शनिवार को एक बार फिर मुंब्रा पुलिस स्टेशन जाकर कार्रवाई की मांग करेंगे।
किरीट सोमैया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर सहर शेख का एक वीडियो साझा करते हुए लिखा कि मुंब्रा में हिंदुओं को कथित तौर पर धमकी भरा भाषण देने के मामले में उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। वीडियो में सहर शेख यह कहते हुए नजर आ रही हैं कि, “हम पूरे मुंब्रा को हरा रंग देंगे।” इसी बयान को लेकर विवाद खड़ा हो गया है।
शनिवार सुबह पुलिस स्टेशन जाएंगे सोमैया
बीजेपी नेता किरीट सोमैया ने कहा है कि वह अपनी शिकायत पर कार्रवाई की मांग को लेकर शनिवार सुबह 10:30 बजे मुंब्रा पुलिस स्टेशन जाएंगे। उनका आरोप है कि पुलिस जानबूझकर इस मामले में ढिलाई बरत रही है, जबकि बयान की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए।
दरअसल, चुनाव जीतने के बाद दिए गए एक बयान में सहर शेख ने कहा था कि आने वाले पांच सालों में AIMIM और भी बड़ी राजनीतिक सफलता हासिल करेगी। उन्होंने कहा था, “हम मुंब्रा को इस तरह हरे रंग से रंगना चाहते हैं कि इन लोगों को पछाड़ दिया जाए। पांच साल में मुंबई में जीतने वाला हर उम्मीदवार AIMIM का होगा।” इसी बयान को लेकर बीजेपी ने इसे सांप्रदायिक और भड़काऊ करार दिया है।
सहर शेख के खिलाफ कार्रवाई की मांग
किरीट सोमैया का कहना है कि उन्होंने सहर शेख के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है, लेकिन अब तक एफआईआर या किसी तरह की सख्त कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर पुलिस ने जल्द कदम नहीं उठाए, तो वे इस मुद्दे को और बड़े स्तर पर उठाएंगे।
AIMIM की सफाई, वारिस पठान बोले— सांप्रदायिक रंग न दें
वहीं, AIMIM नेता वारिस पठान ने इस पूरे विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सहर शेख ने दिग्गज नेताओं को हराकर चुनाव जीता है और उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सहर ने अपने बयान पर पहले ही सफाई दे दी है।
वारिस पठान के मुताबिक, “AIMIM का झंडा हरे रंग का है। सहर का मतलब सिर्फ पार्टी को मजबूत करना था। अगर पार्टी का रंग कोई और होता, तो वह वही कहती। इस मुद्दे को बेवजह सांप्रदायिक रंग देने से बचना चाहिए।”
राजनीति गरमाई, नजर पुलिस की कार्रवाई पर
हालांकि सहर शेख के बयान को लेकर राजनीतिक हलकों में बहस तेज हो गई है। बीजेपी इसे गंभीर कानून-व्यवस्था का मामला बता रही है, जबकि AIMIM इसे राजनीतिक बयान बताकर खारिज कर रही है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि किरीट सोमैया के दोबारा पुलिस स्टेशन पहुंचने के बाद पुलिस क्या कदम उठाती है।

