
यूपी दिवस-2026 बनेगा वैश्विक उत्सव, ‘विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश’ थीम के साथ 5 देशों में होगा आयोजन
‘विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश’ की थीम पर आयोजित उत्तर प्रदेश दिवस-2026 इस बार प्रदेश और देश की सीमाओं से आगे बढ़कर अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी मजबूत पहचान दर्ज कराने जा रहा है। 24 से 26 जनवरी तक चलने वाले तीन दिवसीय इस भव्य आयोजन के तहत न केवल उत्तर प्रदेश के सभी जनपदों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, बल्कि फिजी, मॉरीशस, मालदीव, सिंगापुर और थाईलैंड जैसे देशों में भी यूपी दिवस मनाया जाएगा। इन आयोजनों के माध्यम से प्रवासी उत्तर प्रदेशवासियों को सम्मानित किया जाएगा और उन्हें प्रदेश की विकास यात्रा से जोड़ा जाएगा।
उत्तर प्रदेश दिवस-2026 का मुख्य समारोह लखनऊ के नवनिर्मित राष्ट्र प्रेरणा स्थल में आयोजित होगा, जिसका उद्घाटन केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह करेंगे। इस अवसर पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, प्रदेश सरकार के मंत्री, जनप्रतिनिधि और विभिन्न क्षेत्रों की विशिष्ट हस्तियां मौजूद रहेंगी। मुख्य समारोह का दूरदर्शन के माध्यम से प्रदेश भर में सीधा प्रसारण किया जाएगा।
इस वर्ष यूपी दिवस का सबसे बड़ा आकर्षण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की परिकल्पना पर आधारित ‘एक जनपद–एक व्यंजन’ योजना होगी। इसके तहत प्रदेश के सभी जनपदों के चयनित पारंपरिक व्यंजन एक ही परिसर में उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे उत्तर प्रदेश की समृद्ध और विविध खाद्य संस्कृति को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि वैश्विक पहचान मिलेगी। इसके साथ ही ‘एक जनपद–एक उत्पाद’ (ओडीओपी) योजना के अंतर्गत शिल्पकारों द्वारा निर्मित उत्पादों और जीआई टैग प्राप्त वस्तुओं की भव्य प्रदर्शनी और विक्रय की व्यवस्था की जाएगी।
समारोह के दौरान ‘उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान 2025-26’ का वितरण भी किया जाएगा। शिक्षा, साहित्य, कृषि, महिला सशक्तिकरण और अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली पांच विशिष्ट विभूतियों को इस सम्मान से नवाजा जाएगा। साथ ही मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जनपदों को भी पुरस्कृत किया जाएगा।
इसी मंच से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा ओडीओसी योजना की औपचारिक लॉन्चिंग और सरदार वल्लभभाई पटेल एम्प्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन योजना का शुभारंभ भी किया जाएगा, जिससे प्रदेश में रोजगार और औद्योगिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
यूपी दिवस के अवसर पर ‘विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश’ विषय पर आधारित प्रदर्शनियां, शिल्प मेले और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। इनमें लोक, शास्त्रीय और समकालीन कला रूपों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इसके अलावा मिशन शक्ति, नवाचार और ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विशेष प्रदर्शनियां भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
डबल इंजन सरकार के विजन के अनुरूप इस वर्ष यूपी दिवस का आयोजन विदेशों में भारतीय दूतावासों और देश के विभिन्न राज्यों के लोकभवनों में भी किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से प्रवासी उत्तर प्रदेशवासियों को सम्मानित करने के साथ-साथ प्रदेश की संस्कृति, निवेश संभावनाओं और विकास की उपलब्धियों को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार पर्यटन, कला एवं संस्कृति विभाग ने लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के सहयोग से आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

