
पेड़ से टकराकर बीच सड़क आ गिरी कार, भीषण टक्कर में चार की मौत; सहारनपुर हादसे से मचा हड़कंप
सहारनपुर के बेहट में शाकंभरी देवी रोड पर फतेहपुर कलां गांव के पास मोड़ पर शनिवार को भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार सड़क किनारे खड़े लोहे के पोल से टकराने के बाद पेड़ से जा भिड़ी। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो सगे भाई भी शामिल थे।सहारनपुर के शाकंभरी देवी रोड पर शनिवार की शाम हुए भीषण सड़क हादसे की वजह कार की तेज रफ्तार मानी जा रही है। सड़क पर जिस जगह हादसा हुआ वहां तीव्र मोड़ है। चालक तेज रफ्तार के चलते कार पर नियंत्रण खो बैठा और कार लोहे के पोल से टकराते हुए पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार सवार दो लोग तो छिटक कर बाहर जा गिरे जबकि दो के शव अंदर ही फंसे रह गए।घटना स्थल पर पहले से खड़े प्रत्यक्षदर्शी गांव फतेहपुर कलां निवासी संजय चौहान और नौगांवा निवास राहुल ने बताया कि कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि पहले वह पोल से टकराई और फिर पेड़ से टकरा कर वापस सड़क के बीचोंबीच आकर गिरी। एक बारगी ऐसा लगा जैसे कहीं बम फट गया हो। धमाके की आवाज सुनकर आस पास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। दो लोगों के शव सड़क पर क्षत विक्षत हालत में पड़े थे, जिनके चेहरे भी पहचाने नहीं जा रहे थे। अंदर कार में फंसे दो लोगों को भी पुलिस की मदद से लोगों ने काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।

